कलेक्टर ने लमतरा औद्योगिक क्षेत्र और निमास मार्बल खदान का किया निरीक्षण

कटनी। जिले के खनिज आधारित उद्योगों को नई पहचान दिलाने और स्थानीय स्तर पर निवेश एवं रोजगार के अवसरों का विस्तार करने की दिशा में कलेक्टर आशीष तिवारी ने बुधवार को लमतरा औद्योगिक क्षेत्र एवं स्लीमनाबाद क्षेत्र के ग्राम निमास स्थित मार्बल खदान का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उद्योगों की उत्पादन क्षमता, आधुनिक तकनीक, विपणन व्यवस्था और उद्यमियों के समक्ष आने वाली चुनौतियों की विस्तार से जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
लमतरा औद्योगिक क्षेत्र में कलेक्टर श्री तिवारी ने एक जिला-एक उत्पाद (ओडीओपी) के अंतर्गत कटनी सैंड स्टोन से तैयार की जा रही कलात्मक मूर्तियों, आकर्षक नक्काशी और उत्कृष्ट शिल्पकृतियों का अवलोकन किया। उन्होंने आधुनिक गैंग सॉ, सीएनसी ऑटोमैटिक कार्विंग एवं स्टैच्यू कार्विंग मशीनों की कार्यप्रणाली देखी और युवा उद्योगपति अमन खरे से उत्पादन प्रक्रिया एवं बाजार की संभावनाओं पर चर्चा की।
कलेक्टर ने कहा कि कटनी स्टोन केवल एक खनिज नहीं, बल्कि जिले की विशिष्ट पहचान और विरासत है। इसकी गुणवत्ता और कलात्मक उपयोग को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर के मुख्य प्रवेश द्वार पर कटनी स्टोन से वॉल क्लैडिंग कराने की संभावना पर भी चर्चा की, ताकि स्थानीय उत्पादों को सरकारी परिसरों में भी प्रोत्साहन मिल सके।
निरीक्षण के दौरान उप संचालक खनिज श्री रत्नेश दीक्षित ने बताया कि जिले में वर्तमान में कटनी स्टोन की चार सक्रिय खदानें संचालित हैं। युवा उद्योगपति अमन खरे ने जानकारी दी कि उनकी इकाई को उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में 20 फीट ऊंची आदियोगी भगवान शिव की प्रतिमा निर्माण, राजस्थान के उदयपुर में स्लैब एवं टाइल्स निर्माण तथा भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) से भी महत्वपूर्ण कार्य प्राप्त हुए हैं। इससे कटनी स्टोन की गुणवत्ता और बढ़ती राष्ट्रीय मांग का पता चलता है।इसके बाद कलेक्टर तिवारी ने ग्राम निमास स्थित मेसर्स बीडीएच इको एनर्जी इंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड, मुंबई द्वारा संचालित मार्बल खदान एवं सोलर प्लांट का निरीक्षण किया। उन्होंने खदान संचालक प्रभाष कुमार राजगढ़िया से उत्पादन लागत, विपणन, गुणवत्ता और खनन से जुड़े व्यावसायिक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि निमास क्षेत्र का मार्बल अपनी मजबूती, टिकाऊपन और उत्कृष्ट गुणवत्ता के कारण उदयपुर एवं चित्तौड़गढ़ सहित देश के विभिन्न बाजारों में विशेष मांग रखता है।कलेक्टर तिवारी ने कहा कि जिला प्रशासन उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने, स्थानीय खनिजों का मूल्य संवर्धन बढ़ाने तथा निवेशकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्योगों से जुड़े प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए, जिससे कटनी औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंच सके।निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षु आईएएस श्री श्लोक वायकर, उप संचालक खनिज श्री रत्नेश दीक्षित तथा जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र की महाप्रबंधक श्रीमती ज्योति सिंह भी उपस्थित रहीं।
इंडिया पोल खोल को आर्थिक सहायता
प्रदान करने हेतु इस QR कोड को किसी भी UPI ऐप्प से स्कैन करें। अथवा "Donate Now" पर टच/क्लिक करें।
Click Here >>
Donate Now
इंडिया पोल खोल के YouTube Channel को Subscribe करने के लिए इस YouTube आइकन पर टच/Click करें।
इंडिया पोल खोल के WhatsApp Channel को फॉलो करने के लिए इस WhatsApp आइकन पर टच/Click करें।















