कलेक्टर ने किया बहोरीबंद क्षेत्र का औचक निरीक्षण, तहसील,ओपन कैप और डबल लॉक केंद्र का लिया जायजा

सुग्रीव यादव स्लीमनाबाद : बहोरीबंद क्षेत्र के औचक निरीक्षण पर पहुँचे कलेक्टर आशीष तिवारी ने गुरूवार को तहसील कार्यालय, डबल लॉक उर्वरक वितरण केंद्र, ओपन कैप और निर्माणाधीन स्टेडियम का जायजा लिया। कलेक्टर ने नागरिकों और किसानों से संवाद किया, समस्यायें सुनीं और निराकरण हेतु अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस दौरान एसडीएम बहोरीबंद श्लोक वाइकर, तहसीलदार आशीष अग्रवाल, नायब तहसीलदार बाकल माधव सिंह मोंगरे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
स्वामित्व योजना में पटवारी लायें प्रगति
कलेक्टर ने एसडीएम कार्यालय में स्वामित्व योजना की समीक्षा करते हुए भू-अधिकार अभिलेख पंजीयन के कार्य में कम प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने पांच कम प्रगति वाले पटवारियों को कार्य में तेजी लाने के दो-टूक निर्देश दिए और स्पष्ट किया कि अपेक्षित प्रगति नहीं आने पर संबंधितों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कम प्रगति वाले हल्का पटवारियों में हल्का सिहुड़ी के अनिल कोल, देवरी के अनिल गोटिया, मोहतरा के अजय सिंह परस्ते, बाकल के राजेश सिंह गोंड और पटीराजा के राहुल सिंह कश्यप पटवारी शामिल हैं।
राजस्व प्रकरणों के निराकरण में लायें तेजी
तहसील कार्यालय के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सीमांकन, बंटवारा और फर्द नामांतरण से संबंधित लंबित प्रकरणों की नस्तियों का अवलोकन किया। उन्होंने ऑनलाइन पत्रक, पेशी प्रकरण और रिकॉर्ड सुधार संबंधी कार्यों की भी समीक्षा की। कलेक्टर ने राजस्व प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण के साथ पटवारीवार रजिस्टर तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि प्रत्येक पटवारी के कार्यों की समीक्षा की जा सके।
निर्माणाधीन स्टेडियम का निरीक्षण
कलेक्टर ने बहोरीबंद में 349.37 लाख रुपये की लागत से 14 एकड़ क्षेत्र में निर्माणाधीन स्टेडियम का भी निरीक्षण किया। ग्रामीण यांत्रिकी सेवा की कार्यपालन यंत्री मेघा मौर्य ने बताया कि स्टेडियम परिसर में पवेलियन, बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस के लिए इंडोर स्टेडियम, रनिंग ट्रैक, बास्केटबॉल कोर्ट, क्रिकेट नेट प्रैक्टिस पिच, दुकानें और डॉरमेटरी का निर्माण प्रस्तावित है। कलेक्टर ने खेल मैदान का समुचित समतलीकरण कराने और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
खाद के उपलब्ध स्टॉक और वितरण व्यवस्था की ली जानकारी
डबल लॉक उर्वरक वितरण केंद्र के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने खाद के उपलब्ध स्टॉक और वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। बिक्री काउंटर पर पहुंचकर उन्होंने खाद लेने आए किसानों से ई-विकास वितरण प्रणाली के बारे में पूछा। ग्राम चांदनखेड़ा के किसान रंगेश यादव ने बताया कि इस व्यवस्था से अब केंद्र पर भीड़ नहीं लगती और किसानों को आसानी से खाद मिल जाती है। कलेक्टर ने उर्वरक वितरण व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।
धान खरीदी से पूर्व भंडारण व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
कलेक्टर ने 60 हजार मीट्रिक टन क्षमता वाले बहोरीबंद ओपन कैप का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में यहां 7 हजार 800 मीट्रिक टन धान भंडारित है। कलेक्टर ने ओपन कैप का आवश्यक मेंटेनेंस कराने और कच्चे कैप को पक्का कराने के निर्देश दिए, ताकि धान खरीदी शुरू होने पर भंडारण की समस्या न आए। उन्होंने आगामी धान उपार्जन केंद्रों के लिए निर्धारित गोदामों को खाली कराने, गोदाम स्तरीय उपार्जन केंद्रों से धान का शीघ्र उठाव करने तथा कैप में भंडारित धान का शत-प्रतिशत उठाव सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने मिलर्स से चर्चा कर मिलिंग कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए, जिससे धान का समय पर उठाव हो सके। इस दौरान जिला आपूर्ति अधिकारी रविकांत ठाकुर, सहायक आपूर्ति अधिकारी यज्ञदत्त त्रिपाठी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
इंडिया पोल खोल को आर्थिक सहायता
प्रदान करने हेतु इस QR कोड को किसी भी UPI ऐप्प से स्कैन करें। अथवा "Donate Now" पर टच/क्लिक करें।
Click Here >>
Donate Now
इंडिया पोल खोल के YouTube Channel को Subscribe करने के लिए इस YouTube आइकन पर टच/Click करें।
इंडिया पोल खोल के WhatsApp Channel को फॉलो करने के लिए इस WhatsApp आइकन पर टच/Click करें।















