अवैध खनन और परिवहन में लगे वाहनों पर करें कठोर कार्यवाही,कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा

जबलपुर,कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था, प्रमुख चौराहों पर सिग्नल लगाने, लेफ्ट टर्न व्यवस्थित करने, ई-रिक्शा के रूट निर्धारण, दुर्घटना संभावित स्थलों, शहपुरा ब्रिज, सिहोरा मार्ग पर (राष्ट्रीय राजमार्ग) जाम, मटर खरीदी के दौरान यातायात प्रबंधन तथा अवैध खनन एवं परिवहन सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने संबंधित विभागों और निर्माण एजेंसियों को आवश्यक सुधार कार्य समय-सीमा में पूरा करने तथा यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।बैठक में पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय, नगर निगम आयुक्त अग्रिम कुमार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक गेहलोत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. आयुष जाखड़, अपर कलेक्टर रविशंकर राय, शैलेंद्र सिंह एवं अखिलेश सिंह सहित संबंधित विभागों और निर्माण एजेंसियों के अधिकारी उपस्थित थे।बैठक में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के संबंध में विचार विमर्श किया गया। कलेक्टर ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध भी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से बिना नंबर प्लेट के चल रहे वाहनों की जांच करने तथा अवैध खनन एवं परिवहन में लगे वाहनों पर नियमानुसार कठोर कार्यवाही करने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
सिग्नल, लेफ्ट टर्न और ई-रिक्शा के रूट निर्धारण के निर्देश
कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने शहर के प्रमुख चौराहों पर यातायात सिग्नल लगाने, आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग करने तथा लेफ्ट टर्न को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। उन्होंने चौराहों पर यातायात के सुचारु संचालन के लिए लेफ्ट टर्न को बाधामुक्त बनाने और दृश्यता में बाधा उत्पन्न करने वाले स्थानों को चिह्नित कर आवश्यक सुधार कराने को कहा, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका कम हो।बैठक में शहर में ई-रिक्शा के रूट निर्धारित करने को लेकर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को ई-रिक्शा के व्यवस्थित संचालन और शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने बारिश के कारण शहर के डिवाइडरों पर जहां रंग-रोगन छूट गया है, वहां नगर निगम को दोबारा रंगाई-पुताई कराने तथा फ्लाईओवर, रेल ओव्हर ब्रिज और सड़कों पर आवश्यक रोड मार्किंग कराने के निर्देश भी दिए।
शहपुरा ब्रिज और वैकल्पिक मार्गों की समीक्षा
बैठक में शहपुरा ब्रिज के निर्माण में हो रही देरी तथा आवश्यक स्वीकृतियां मिलने में हो रहे विलम्ब पर कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने संबंधित अधिकारियों से वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्माण में आ रही बाधाओं, उनके समाधान और संभावित समय-सीमा का विस्तृत विवरण तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने भोपाल और दिल्ली स्तर पर संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर लंबित समस्याओं का निराकरण कराने कहा।एमपीआरडीसी के अधिकारियों ने बताया कि ब्रिज के कारण तीन वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। जबलपुर से पाटन होते हुए शहपुरा जाने वाले मार्ग से भारी वाहनों को डायवर्ट किया गया है, जबकि हल्के वाहनों के लिए शहपुरा मंडी के अंदर से वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है। तीसरा मार्ग शहपुरा टोल प्लाजा के पास से किसरौद होते हुए जाता है। अधिकारियों ने बताया कि पाटन मार्ग पर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए संकेतक बोर्ड, स्पीड ब्रेकर, रंबल स्ट्रिप्स और रोड मार्किंग का कार्य भी कराया जा रहा है।
मटर खरीदी के दौरान जाम की स्थिति न बने
पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने बैठक में मटर खरीदी के दौरान ट्रकों की आवाजाही बढ़ने से डायवर्जन मार्गों पर जाम की आशंका को देखते हुए संकरे मार्गों पर भारी वाहनों के प्रवेश को नियंत्रित करने, आवश्यकता के अनुसार बैरिकेडिंग एवं पुलिस बल की व्यवस्था करने तथा संबंधित थानों और यातायात पुलिस को निर्देश दिये।उन्होंने कहा कि मंडी क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित रखने के लिए आसपास के गांवों और व्यापारी संगठनों के साथ समन्वय करने पर भी चर्चा की गई, ताकि मटर की आवक के दौरान मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति न बने।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम और ब्लैक स्पॉट में सुधार
बैठक में सिहोरा की ओर जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माण कार्यों के कारण विभिन्न स्थानों पर लगने वाले जाम की समस्या की समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को निर्माण स्थलों पर पर्याप्त संकेतक लगाने, रिफ्लेक्टिव जैकेट पहनने वाले कर्मचारियों की तैनाती तथा आवश्यकतानुसार यातायात प्रबंधन करने के निर्देश दिए गए।कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए दुर्घटना संभावित स्थलों यानी ब्लैक स्पॉट की पहचान कर आवश्यक सुधार कराने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित निर्माण एजेंसियों को इन स्थलों का निरीक्षण कर सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
पीएम राहत और हिट एंड रन के लंबित प्रकरणों का निराकरण करें
बैठक में पीएम राहत योजना के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही हिट एंड रन के मामलों में आवश्यक कार्रवाई कर लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इंडिया पोल खोल को आर्थिक सहायता
प्रदान करने हेतु इस QR कोड को किसी भी UPI ऐप्प से स्कैन करें। अथवा "Donate Now" पर टच/क्लिक करें।
Click Here >>
Donate Now
इंडिया पोल खोल के YouTube Channel को Subscribe करने के लिए इस YouTube आइकन पर टच/Click करें।
इंडिया पोल खोल के WhatsApp Channel को फॉलो करने के लिए इस WhatsApp आइकन पर टच/Click करें।















