श्मशान भूमि से अतिक्रमण हटाने और बीपीएल कार्ड सहित अन्य मामलों में त्वरित कार्रवाई के दिए कलेक्टर नें निर्देश


सुग्रीव यादव स्लीमनाबाद :गांव की चौपाल हो या स्कूल की कक्षा, आंगनवाड़ी के नन्हे बच्चे हों या अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे ग्रामीण—मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत कलेक्टर आशीष तिवारी का ग्राम डुड़सरा का दौरा जनसंवाद और संवेदनशील प्रशासन की तस्वीर बन गया। विकासखंड बहोरीबंद के ग्राम डुडसरा में कलेक्टर ने शासकीय प्राथमिक शाला और आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से आत्मीय संवाद कर उनकी पढ़ाई-लिखाई जानी, उनकी प्रतिभा को परखा और ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर और एसडीएम बहोरीबंद प्रदीप कुमार मिश्रा, जनपद सीईओ अभिषेक कुमार उपस्थित रहे।
नन्हीं अर्पिता की कविता पर मुस्कुराए कलेक्टर,बच्चों के अभिनय की भी सराहना
आंगनवाड़ी केंद्र में कलेक्टर ने बच्चों की गतिविधियों को करीब से देखा। नन्ही बालिका अर्पिता ने जब पूरे आत्मविश्वास के साथ कलेक्टर को कविता सुनाई तो उन्होंने उसकी प्रतिभा की सराहना की। वहीं बच्चों ने ‘कौआ की कहानी’ पर अभिनय प्रस्तुत किया। बच्चों की सहजता, उत्साह और रचनात्मकता देखकर कलेक्टर ने उनकी खूब प्रशंसा की और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को बच्चों के लिए इसी तरह नियमित गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए।कलेक्टर ने आंगनवाड़ी केंद्र में गर्भवती महिलाओं के ऑनलाइन पंजीयन, पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड और बच्चों के टीकाकरण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी पात्र हितग्राही योजना के लाभ से वंचित न रहे और बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए।
6 और 11 का पहाड़ा पूछा,भागवती और तनु ने झट से सुना दिया-
शासकीय प्राथमिक शाला में कलेक्टर ने बच्चों की पढ़ाई का सहज तरीके से परीक्षण किया। कक्षा 4 की छात्रा भागवती से उन्होंने 6 का पहाड़ा और कक्षा 5 की छात्रा तनु से 11 का पहाड़ा सुनाने को कहा। दोनों छात्राओं ने सही-सही पहाड़े सुनाकर अपनी तैयारी का परिचय दिया।इसके बाद कलेक्टर ने बच्चों से विलोम शब्द पूछे। इस दौरान कुछ बच्चों को जवाब देने में कठिनाई हुई। कलेक्टर ने शिक्षकों को बच्चों की बुनियादी शैक्षणिक दक्षताओं को और मजबूत करने तथा नियमित अभ्यास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
कक्षा 3 की छात्रा आराध्या दाहिया ने जब हिंदी की कहानी ‘मैं हूं नीम’ पढ़कर सुनाई तो कलेक्टर ने उसकी वाचन क्षमता और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए उसे शाबाशी दी।
ग्रामीणों की समस्या सुनी,अतिक्रमण हटाने तत्काल दिए निर्देश-
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने श्मशान भूमि पर अतिक्रमण की समस्या सामने रखी। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम बहोरीबंद को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसी दौरान सरिता बाई के बीपीएल कार्ड से संबंधित आवेदन पर भी कलेक्टर श्री तिवारी ने शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। एक अन्य ग्रामीण द्वारा रिकॉर्ड में सुधार का आग्रह किए जाने पर संबंधित अधिकारी को प्रकरण का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
इंडिया पोल खोल को आर्थिक सहायता
प्रदान करने हेतु इस QR कोड को किसी भी UPI ऐप्प से स्कैन करें। अथवा "Donate Now" पर टच/क्लिक करें।
Click Here >>
Donate Now
इंडिया पोल खोल के YouTube Channel को Subscribe करने के लिए इस YouTube आइकन पर टच/Click करें।
इंडिया पोल खोल के WhatsApp Channel को फॉलो करने के लिए इस WhatsApp आइकन पर टच/Click करें।






































































