मुख्यमंत्री ने तिलवारा में थाना भवन सहित घमापुर में किया पुलिस आवास का लोकार्पण,महाराजपुर में बनेगा नया थाना

जबलपुर,मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज जबलपुर में मध्यप्रदेश पुलिस आवास एवं अधोसंरचना विकास निगम द्वारा लगभग 28 करोड़ 59 लाख रुपये की लागत से निर्मित पुलिस अधोसंरचना परियोजनाओं का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पुलिस बल को आधुनिक तकनीक, बेहतर अधोसंरचना एवं गुणवत्तापूर्ण आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मजबूत कानून-व्यवस्था और प्रभावी सुशासन के लिए आधुनिक पुलिस व्यवस्था समय की आवश्यकता है।इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, राज्यसभा सांसद श्रीमती सुमित्रा वाल्मीकि, लोकसभा सांसद आशीष दुबे, विधायक अशोक रोहाणी, सुशील तिवारी ‘इंदु’, नीरज सिंह, डॉ. अभिलाष पांडे एवं संतोष वरकड़े, जबलपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष संदीप जैन, जिला पंचायत अध्यक्ष आशा मुकेश गोंटिया,नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, प्रदेश भाजपा के कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, भाजपा नगर अध्यक्ष श्री रत्नेश सोनकर और भाजपा ग्रामीण जिलाध्यक्ष श्री राजकुमार पटेल मंचासीन रहे।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घमापुर थाना परिसर में मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 22 करोड़ 57 लाख 92 हजार रुपये की लागत से निर्मित आरक्षकों एवं प्रधान आरक्षकों के लिए 96 आवास गृह, मध्यप्रदेश पुलिस आवास एवं अधोसंरचना विकास निगम के तिलवारा में बने 3 करोड़ 21 लाख 80 हजार रुपये की लागत से संभागीय कार्यालय भवन तथा 2 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से तैयार अत्याधुनिक तिलवारा पुलिस थाना भवन का लोकार्पण किया।

नई तकनीक से सशक्त हो रही पुलिस व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की न्याय व्यवस्था एवं पुलिस प्रणाली में व्यापक सुधार किए गए हैं। नई कानूनी व्यवस्था और आधुनिक तकनीकों के उपयोग से पुलिसिंग अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेह बनी है। प्रदेश में 1117 थानों और 692 वरिष्ठ कार्यालयों को डिजिटल नेटवर्क से जोड़ा गया है। त्वरित एवं वैज्ञानिक अनुसंधान के लिए पुलिस कर्मियों को 25 हजार टैबलेट उपलब्ध कराए गए हैं। ई-समंस, ई-साक्ष्य पोर्टल, एनसीआरपी, 1930 हेल्पलाइन और ई-जीरो एफआईआर जैसी व्यवस्थाओं से पुलिस सेवाएं और अधिक सुदृढ़ हुई हैं।

पुलिस कर्मियों के कल्याण पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पुलिस बल का मनोबल बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से बड़े पैमाने पर पुलिस आवासों का निर्माण कराया जा रहा है तथा प्रत्येक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगभग 50 हजार पुलिस कर्मियों को पदोन्नति का लाभ दिया गया है और पुलिस विभाग के लिए 972 करोड़ रुपये की लागत से 1200 से अधिक नए वाहन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
2027 तक नशामुक्त भारत के संकल्प में पुलिस की अहम भूमिका
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश से नक्सलवाद को आखरी सलाम करने का श्रेय देश में सबसे पहले मध्यप्रदेश को है। उन्होंने इसके लिए प्रदेश के पुलिस बल को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश से नक्सलवाद खत्म होने के बाद अब केंद्र एवं राज्य सरकार वर्ष 2027 तक नशामुक्त भारत के संकल्प को साकार करने के लिए व्यापक अभियान चला रही हैं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सेवा, संवेदनशीलता और सुशासन की भावना के साथ कार्य करते हुए जनविश्वास को और अधिक मजबूत करने का आह्वान किया।
पुलिस अधोसंरचना के विस्तार की घोषणाएं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पुलिस लाइन एवं अन्य इकाइयों में मेस, बैरक और आवश्यक अधोसंरचना विकास के लिए जरूरी धनराशि उपलब्ध कराने तथा महाराजपुर में नया थाना बनाने की घोषणा की। उन्होंने सावन एवं आगामी त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
सुशासन का मजबूत आधार है प्रभावी पुलिस व्यवस्था : राकेश सिंह
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि किसी भी राज्य के विकास का आधार मजबूत कानून-व्यवस्था होती है। आधुनिक थाना भवन और बेहतर अधोसंरचना पुलिस बल की कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ-साथ जनता के विश्वास को भी मजबूत करती है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से बदलती तकनीक के अनुरूप अपराध नियंत्रण और जनसेवा को और अधिक प्रभावी बनाने का आह्वान किया।
तेजी से विकसित हो रही पुलिस अधोसंरचना
विशेष पुलिस महानिरीक्षक एवं मध्यप्रदेश पुलिस आवास एवं अधोसंरचना विकास निगम के प्रबंध संचालक श्री अनंत कुमार सिंह ने बताया कि जबलपुर जिले में वर्तमान में लगभग 115 करोड़ रुपये की लागत से 564 पुलिस आवास तथा दो नवीन थाना भवनों का निर्माण प्रगति पर है। उन्होंने बताया कि निगम अब तक प्रदेश में 40 हजार से अधिक पुलिस आवास तथा दो हजार से अधिक प्रशासनिक भवनों का निर्माण कर चुका है और पुलिस अधोसंरचना के विस्तार का कार्य निरंतर जारी है।कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री डॉ यादव को लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने स्मृति चिन्ह के तौर पर वीरांगना रानी दुर्गावती की प्रतिमा भेंट किया। कार्यक्रम का शुभारंभ छठवीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल के बैंड दल द्वारा राष्ट्रगीत वन्दे मातरम् की धुन और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। समापन पर बैंड दल के द्वारा राष्ट्रगान जन-गण-मन की धुन बजाई गई।कार्यक्रम में आईजी प्रमोद वर्मा, डीआईजी अतुल सिंह, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह तथा पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
इंडिया पोल खोल को आर्थिक सहायता
प्रदान करने हेतु इस QR कोड को किसी भी UPI ऐप्प से स्कैन करें। अथवा "Donate Now" पर टच/क्लिक करें।
Click Here >>
Donate Now
इंडिया पोल खोल के YouTube Channel को Subscribe करने के लिए इस YouTube आइकन पर टच/Click करें।
इंडिया पोल खोल के WhatsApp Channel को फॉलो करने के लिए इस WhatsApp आइकन पर टच/Click करें।















