मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान:पनेहरा पेट्रोल पम्प के तीन नोजल सील,संजीवनी क्लीनिक के कर्मचारियों का वेतन रोकने के निर्देश

जबलपुर,मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत शनिवार को कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. आयुष जाखड़ के साथ केंट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत रांझी क्षेत्र में विभिन्न शासकीय संस्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन, तहसील कार्यालय रांझी, पनेहरा पेट्रोल पंप, विद्युत सेवा केंद्र एवं संजीवनी क्लीनिक का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन में कचरा प्रबंधन की व्यवस्थाएं देखीं
कलेक्टर श्री सिंह ने रांझी स्थित गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन के निरीक्षण के दौरान यहां रोजाना आने वाले कचरे की जानकारी लेते हुए गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्टेशन परिसर में खड़े कबाड़ हो चुके पुराने वाहनों का नियमानुसार डिस्पोजल करने के निर्देश भी दिए।

तहसील कार्यालय में की राजस्व प्रकरणों की समीक्षा
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने गार्बेज स्टेशन के बाद तहसील कार्यालय रांझी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीमांकन, नामांतरण, बंटवारा, नक्शा बटांकन, खसरा सुधार और शासकीय भूमि से जुड़े अतिक्रमण के प्रकरणों पर प्रमुखता से चर्चा की।कलेक्टर श्री सिंह ने सीएम हेल्पलाइन की जानकारी लेते हुए शेष शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने तहसील न्यायालय से निराकृत किए गए प्रकरणों की भी समीक्षा की। श्री सिंह ने पट्टे की भूमि पर हुए अवैध निर्माण और शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने संबंधी शिकायतों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।कलेक्टर ने कहा कि राजस्व के सभी लंबित प्रकरणों का जल्द ही निराकरण किया जाए। उन्होंने बकाया राजस्व की जानकारी लेते हुए वसूली में सख्ती बरतने के निर्देश दिये। इस दौरान अपर कलेक्टर शैलेंद्र सिंह, एसडीएम मोनिका बाघमारे, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार भी उपस्थित थे।

पनेहरा पेट्रोल पंप पर नाप-तौल और ईंधन की जांची शुद्धता तीन नोजल सील
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत रांझी के पनेहरा स्थित पेट्रोल पंप का निरीक्षण भी किया गया। कलेक्टर श्री सिंह ने पेट्रोल-डीजल की डिस्पेंसिंग मशीनों की जांच की। उन्होंने मशीनों के कट-ऑफ सिस्टम, शून्य रीसेट प्रक्रिया और डिलीवरी दर का मौके पर ही सत्यापन कराया। उन्होंने अपने सामने 5 लीटर के मानक मापक जार में ईंधन भरवाकर मशीन की रीडिंग और डिलीवर हुई मात्रा की नाप-तौल भी कराई। साथ ही पेट्रोल-डीजल की शुद्धता की जांच भी कराई।इस दौरान इस पेट्रोल पंप के तीन नोजलों से पेट्रोल प्रदाय की मात्रा कम पाये जाने पर तीनों को तत्काल सील करने के निर्देश मौके पर मौजूद अधिकारियों को दिये। कलेक्टर श्री सिंह ने तीनों नोजलों को हाल ही में 24 अगस्त को सत्यापित करने वाले नाप-तौल निरीक्षक सचिन कुमार सोनी को भी कारण बताओ नोटिस जारी करने निर्देशित किया। कलेक्टर के निर्देश पर तीनों नोजलों को सील भी कर दिया गया है।कलेक्टर श्री सिंह ने पेट्रोल पंप में उपलब्ध स्टॉक रजिस्टर, दैनिक बिक्री रिकॉर्ड तथा नाप-तौल के दस्तावेजों की भी जांच की। उन्होंने पंप संचालकों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को पारदर्शी सेवा उपलब्ध कराएं तथा सभी सुरक्षा मानकों का पालन करें।
डॉमिनोज फूड सेंटर को नोटिस जारी करने के निर्देश
कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने पनेहरा पेट्रोल पम्प के निरीक्षण के दौरान यहां खुले डॉमिनोज फूड सेंटर की भी जांच की तथा मौके पर एफएसएसआई का लायसेंस एवं अन्य अनुमति संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किये जाने पर खाद्य पदार्थों के सैंपल लेने और संस्थान के संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश मौजूद अधिकारियों को दिये।
विद्युत सेवा केंद्र का किया निरीक्षण
कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह ने मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के विद्युत सेवा केंद्र रांझी का निरीक्षण किया। कलेक्टर श्री सिंह ने उपभोक्ताओं को मिलने वाली बिजली संबंधी सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने बिजली आपूर्ति की समस्या से संबंधित आने वाली शिकायतों का निराकरण करने के निर्देश दिए।

संजीवनी क्लीनिक के रजिस्टरों में मिली गड़बड़ी, सभी कर्मचारियों का वेतन रोकने के निर्देश
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. आयुष जाखड़ के साथ गणेशगंज रांझी स्थित मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण किया। श्री सिंह ने क्लीनिक के दैनिक कामकाज और मरीजों के रिकॉर्ड से संबंधित रजिस्टरों की जांच की। उन्होंने एएनसी पंजीयन की जानकारी भी ली।निरीक्षण के दौरान क्लीनिक में कई अनियमितताएं सामने आईं। कलेक्टर श्री सिंह ने पाया कि रजिस्टर में बीच का रिकॉर्ड गायब था। इसके अलावा प्रविष्टियों के क्रमांक में भी गड़बड़ी मिली।कलेक्टर ने रजिस्टर में दर्ज मरीजों के नाम, नंबर एवं दी गई दवाइयों की भी जानकारी ली। साथ ही मरीजों के नंबर पर फोन लगवाकर उन्हें मिले स्वास्थ्य लाभ की भी जानकारी ली। कई मरीजों ने संजीवनी क्लीनिक में सही इलाज नहीं मिलने की जानकारी दी।कलेक्टर श्री सिंह ने संजीवनी क्लीनिक में स्वास्थ्य कर्मचारियों द्वारा की गई लापरवाही पर अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए यहां पदस्थ सभी कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा सभी का वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने रजिस्टरों और हाजिरी को दुरुस्त करने तथा भविष्य में ऐसी गलतियां न दोहराने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर कलेक्टर शैलेंद्र सिंह, एसडीएम मोनिका बाघमारे तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
इंडिया पोल खोल को आर्थिक सहायता
प्रदान करने हेतु इस QR कोड को किसी भी UPI ऐप्प से स्कैन करें। अथवा "Donate Now" पर टच/क्लिक करें।
Click Here >>
Donate Now
इंडिया पोल खोल के YouTube Channel को Subscribe करने के लिए इस YouTube आइकन पर टच/Click करें।
इंडिया पोल खोल के WhatsApp Channel को फॉलो करने के लिए इस WhatsApp आइकन पर टच/Click करें।















