पात्र हितग्राहियों को समय पर दिलायें नागरिक सेवाओं का लाभ- कलेक्टर आशीष तिवारी

कटनी :कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर आशीष तिवारी ने विभिन्न विभागों के कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। बैठक में राजस्व, कृषि, स्वरोजगार, नागरिक सेवाओं आदि बिंदुओ पर विशेष रूप से चर्चा की गई।इस दौरान जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार और अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा मौजूद रहे।
नागरिक सेवाओं का शीघ्र मिले लाभ
कलेक्टर श्री तिवारी ने संबल योजना के तहत लंबित आवेदनों के शीघ्र निराकरण के लिए जनपद पंचायतों के सीईओ एवं नगरीय निकायों के सीएमओ को निर्देशित किया। साथ ही, उन्होंने जनपद पंचायतों के सीईओ और बीएमओ को आपस में समन्वय कर जन्म, मृत्यु एवं विवाह पंजीयन से जुड़े प्रमाण पत्र समय पर जारी करने के निर्देश दिए। ताकि गर्भवती माताओं के पंजीयन एवं अन्य शासकीय योजनाओं में पात्र हितग्राही को समय पर लाभ मिल सके।
भूमि का अवैध कब्जा होने पर करें प्रकरण दर्ज
बैठक के दौरान कलेक्टर श्री तिवारी ने निर्देशित किया कि यदि सीमांकन के दौरान आवेदनकर्ता की भूमि पर अवैध कब्जा नहीं पाया जाता परंतु बगल के भू-स्वामी की भूमि पर अवैध कब्जा पाया जाता है, तो आवेदन का इंतजार किये बिना ही अलग से प्रकरण दर्ज किया जाए।
*बाणसागर परियोजना के शेष विस्थापितों को शीघ्र भुगतान*
कलेक्टर श्री तिवारी ने बाणसागर परियोजना के अंतर्गत विस्थापितों को भू-अर्जन की लंबित राशि का भुगतान शीघ्र करने के निर्देश अपर कलेक्टर को दिए गए।
*गेहूँ के परिवहन में तेजी लाने के निर्देश*
कलेक्टर श्री तिवारी ने उपार्जित गेहूँ के परिवहन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बदलते मौसम को देखते हुए समितियों को सतर्क रहने की हिदायत दी, ताकि उपार्जित अनाज को नुकसान न हो। इसके साथ ही उन्होंने किसानों द्वारा उपार्जित गेहूँ का शीघ्र भुगतान दिलाने भी अधिकारियों को निर्देशित किया।
*किसानों से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा*
बैठक में पीएम किसान योजना के अंतर्गत ई-केवाईसी, फार्मर रजिस्ट्री और फार्मर बकेटिंग की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले के सभी पात्र किसानों की ई-केवाईसी शत-प्रतिशत पूर्ण की जाए। साथ ही कृषि विभाग को खाद की उपलब्धता की अद्यतन जानकारी ई-विकास पोर्टल पर नियमित रूप से अपडेट करने को कहा गया। इसके अलावा उन्होंने राजस्व विभाग को 30 जून के पूर्व जायद फसल की गिरदावरी का कार्य अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
*पात्र हितग्राहियों को दिलायें स्वरोजगार योजनाओं का लाभ*
कलेक्टर श्री तिवारी ने स्वरोजगार योजनाओं की समीक्षा के दौरान मत्स्य, उद्यानिकी, आदिम जाति कल्याण विभाग एवं अन्य स्वरोजगार योजनाओं से जुड़े विभागों को नए वित्तीय वर्ष में प्राप्त लक्ष्यों के अनुसार अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त करने और योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को दिलाने के निर्देश दिए।
*टीएल पत्रों एवं लंबित आवेदनों की समीक्षा*
बैठक में नगर निगम, स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, एनएचएआई, जल संसाधन, खनिज, आदिम जाति कल्याण, बैंकिंग एवं राजस्व सहित विभिन्न विभागों के समय-सीमा पत्रों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
*बैठक में ये रहे उपस्थित*
बैठक में उपसंचालक खनिज रत्नेश दीक्षित, सहायक आयुक्त आदिम जाति कल्याण विमल चौरसिया, जिला आपूर्ति अधिकारी पियूष शुक्ला, जिला श्रम अधिकारी के.बी. मिश्रा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राज सिंह ठाकुर, जिला पंजीयक पंकज कोरी, जिला आबकारी अधिकारी विभा मरकाम, महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र ज्योति सिंह चौहान, जिला शिक्षा अधिकारी राजेश अग्रहरी, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास प्रतिभा पाण्डेय, क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड सुधांशु तिवारी तथा जिला प्रबंधक लोक सेवा प्रबंधन दिनेश विश्वकर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
इंडिया पोल खोल को आर्थिक सहायता
प्रदान करने हेतु इस QR कोड को किसी भी UPI ऐप्प से स्कैन करें। अथवा "Donate Now" पर टच/क्लिक करें।
Click Here >>
Donate Now
इंडिया पोल खोल के YouTube Channel को Subscribe करने के लिए इस YouTube आइकन पर टच/Click करें।
इंडिया पोल खोल के WhatsApp Channel को फॉलो करने के लिए इस WhatsApp आइकन पर टच/Click करें।














