108 एम्बुलेंस से निजी अस्पतालों में मरीजों को ले जाने की शिकायतों पर करें कठोर कार्यवाही

जबलपुर,जिला स्वास्थ्य समिति की आज गुरूवार को संपन्न हुई बैठक में कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश सभी विकासखंड चिकित्सा अधिकारियों एवं स्वास्थ्य संस्था के प्रभारी अधिकारियों को दिये हैं। श्री सिंह ने बैठक में जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में शत-प्रतिशत गर्भवती महिलाओं का एएनसी रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक गर्भवती महिला का न सिर्फ रजिस्ट्रेशन किया जाये बल्कि उनका नियमित फॉलोअप भी हो। श्री सिंह ने हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की देखभाल पर विशेष ध्यान देने की हिदायत भी चिकित्सा अधिकारियों को बैठक में दी। कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में जिला पंचायत के सीईओ अभिषेक गहलोत, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी, जिला अस्पताल में पदस्थ सभी स्वास्थ्य अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास सौरभ सिंह, सभी विकासखंड चिकित्सा अधिकारी एवं स्वास्थ्य केन्द्रों के प्रभारी अधिकारी तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी मौजूद थे।कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में स्वास्थ्य संस्थावार और विकासखंडवार एएनसी रजिस्ट्रेशन की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु मृत्युदर को न्यूनतम स्तर पर लाने के लिए यह आवश्यक है कि जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक गर्भवती महिला का पंजीयन हो और उनका नियमित चेकअप भी किया जाये। कलेक्टर ने उन क्षेत्रों में विशेष ध्यान देने पर जोर दिया जहां गर्भवती महिलाओं का पंजीयन अपेक्षाकृत कम है। श्री सिंह ने प्रत्येक एएनसी पंजीयन की अनमोल पोर्टल पर एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिये ताकि गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओ और प्रसूताओं को दी जाने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की ट्रेकिंग और प्रबंधन आसान हो। उन्होंने ऐसे निजी अस्पतालों को कारण बताओ नोटिस जारी करने कहा जो एएनसी रजिस्ट्रेशन को अनमोल पोर्टल में दर्ज नहीं कर रहे हैं। बैठक में पोषण पुनर्वास केंद्रों में बेड ऑक्यूपेंसी बढाने पर भी जोर दिया गया। इसके साथ ही एसएनसीयू (विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई) में भर्ती किये गये बच्चों के उपचार और प्रबंधन की समीक्षा भी की गई। कलेक्टर श्री सिंह ने मातृ एवं शिशु मृत्यु के मामलों में मृत्यु के कारणों का विश्लेषण करने के निर्देश देते हुए कहा कि ऐसे क्षेत्रों की पहचान की जाये जहां मातृ एवं शिशु मृत्यु के मामले अपेक्षाकृत अधिक हैं, ताकि वहां जरूरी कदम उठाये जा सकें और लोगों में जागरूकता पैदा की जा सकें।कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि राज्य शासन के निर्देशानुसार जिला स्वास्थ्य समिति एवं जिला पोषण समिति की माह में कम से कम दो बार संयुक्त बैठक आयोजित की जाये। उन्होंने जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक से अनुपस्थित रहने पर उखरी एवं संजय नगर स्वास्थ्य केन्द्र के प्रभारी चिकित्सक तथा सुपरवाइजर का एक माह का वेतन रोकने के निर्देश भी दिये।कलेक्टर श्री सिंह ने 108 एम्बुलेंस द्वारा मरीजों को निजी अस्पतालों में ले जाने की प्राप्त शिकायतों पर कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश स्वास्थ्य अधिकारियों को दिये। उन्होंने कहा कि 108 एम्बुलेंस से मरीजों को निजी अस्पतालों में ले जाने तथा एम्बुलेंस के देर से पहुंचने की शिकायतों को दर्ज करने के लिए अलग से दूरभाष नंबर स्थापित किया जाये।प्रसूति सहायता योजना सहित स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं से संबंधित सीएम हेल्पलाईन से प्राप्त शिकायतों का आवेदकों की संतुष्टि के साथ त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश भी बैठक में दिये गये। बैठक में स्वास्थ्य विभाग एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को टीम गठित कर ग्रामीण क्षेत्र की ऐसी स्वास्थ्य संस्थाओं का संयुक्त निरीक्षण करने के निर्देश कलेक्टर श्री सिंह ने दिये जहां गर्मियों के दौरान पेयजल आपूर्ति में कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा भी की गई। आंगनवाड़ी केन्द्र से निकले बच्चों को प्राथमिक शालाओं में भर्ती कराने की दिशा में हुई प्रगति का ब्यौरा लिया गया। इसके साथ ही टेक होम राशन के नियमित वितरण के निर्देश दिये गये तथा बच्चों के फेशियल रिकगनिशन सिस्टम में आने वाली कठिनाईयों को दूर करने उचित स्तर पर कार्यवाही करने के निर्देशित किया गया। कलेक्टर श्री सिंह ने सिहोरा बाल विकास परियोजना की परियोजना अधिकारी को आंगनवाड़ी केन्द्रों के पर्यवेक्षण में लापरवाही बरतने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी बैठक में दिये।
इंडिया पोल खोल को आर्थिक सहायता
प्रदान करने हेतु इस QR कोड को किसी भी UPI ऐप्प से स्कैन करें। अथवा "Donate Now" पर टच/क्लिक करें।
Click Here >>
Donate Now
इंडिया पोल खोल के YouTube Channel को Subscribe करने के लिए इस YouTube आइकन पर टच/Click करें।
इंडिया पोल खोल के WhatsApp Channel को फॉलो करने के लिए इस WhatsApp आइकन पर टच/Click करें।











