सिहोरा के ग्रामीण और नगरीय क्षेत्र का अधिकारियों के दल ने किया भ्रमण

इस ख़बर को शेयर करें

जबलपुर:आम जनता से सीधे संवाद कर शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्‍वयन की स्थिति जानने तथा जन समस्‍याओं के त्‍वरित निराकरण के लिए जिले में चलाये जा रहे मुख्‍यमंत्री जन विश्‍वास अभियान के अंतर्गत तीसरे शुक्रवार को आज जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के दल ने सिहोरा विधानसभा के ग्रामीण और नगरीय क्षेत्र का भ्रमण किया। करीब छह माह के इस अभियान में जिला स्‍तर के अधिकारियों के पांच अलग-अलग दलों ने सिहोरा विधानसभा क्षेत्र के गोसलपुर, गांधीग्राम, फनवानी, मझगवां और नगर पालिका सिहोरा के वार्ड का भ्रमण किया।अभियान के तहत विधायक संतोष वरकड़े के साथ कलेक्‍टर राघवेन्‍द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्‍याय ने ग्राम पंचायत गोसलपुर का भ्रमण कर ग्राम पंचायत कार्यालय में स्‍थानीय नागरिकों से रूबरू होकर उनकी समस्‍याएं सुनी। उन्‍होंने गोसलपुर में विद्यासागर सेवा आश्रम समिति द्वारा संचालित गौशाला का अवलोकन किया तथा एकीकृत शासकीय कन्‍या माध्‍यमिक शाला, आंगनबाड़ी केन्‍द्र, उचित मूल्‍य दुकान, खाद वितरण केन्‍द्र एवं सामुदायिक स्‍वास्‍थ्‍य केन्‍द्र का निरीक्षण किया। क्षेत्र भ्रमण के बाद विधायक श्री वरकड़े तथा कलेक्‍टर एवं पुलिस अधीक्षक ने नगर पालिका सिहोरा के सभाकक्ष में आयोजित उद्यम संवाद एवं जन संवाद के कार्यक्रम में हिस्‍सा लिया।

जनसंवाद में नागरिकों ने बताई अपनी समस्‍याएं

मुख्‍यमंत्री जन-विश्‍वास अभियान के अंतर्गत नगर पालिका सिहोरा के सभाकक्ष में आयोजित जनसंवाद के कार्यक्रम में नागरिकों ने विभिन्न विभागों से संबंधित अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। विधायक श्री वरकड़े और कलेक्टर श्री सिंह ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार प्राथमिकता से निराकृत करने के निर्देश दिए।जन संवाद के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक  संतोष वरकड़े ने कहा कि मुख्‍यमंत्री जन-विश्‍वास अभियान ‘सरकार आपके द्वार’ की भावना को साकार करने की दिशा में मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव की महत्वपूर्ण पहल है। अभियान के माध्यम से प्रशासन और जनप्रतिनिधि आमजन के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कर रहे हैं। छह माह के इस अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाना तथा लोगों की समस्याओं का उनके क्षेत्र में ही निराकरण सुनिश्चित करना है। श्री वरकड़े ने कहा कि प्रत्येक शुक्रवार को चिन्हित पंचायतों और वार्डों में जनसंवाद आयोजित कर नागरिकों की समस्याएं सुनी जा रही हैं।कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि जिले में मुख्‍यमंत्री जन विश्वास अभियान का यह तीसरा चरण है। अभियान के तहत पांच दलों के माध्यम से अधिक से अधिक पंचायतों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। सिहोरा में आज तक कुल 2400 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 1800 शिकायतों का निराकरण किया जा चुका है और 575 शिकायतें शेष हैं। इस प्रकार शिकायतों में लगभग 76 प्रतिशत की कमी आई है।

कलेक्‍टर श्री सिंह ने कहा कि अभियान के तहत जिले में सीएम हेल्पलाइन सहित विभिन्न स्तरों पर लंबित शिकायतों के निराकरण की लगातार समीक्षा की जा रही है। जिले में कुल 25 हजार शिकायतों में से 18 हजार का निराकरण किया जा चुका है और शेष शिकायतों पर कार्य जारी है।

कलेक्टर ने नागरिकों से नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन जैसे लोक सेवा गारंटी के प्रकरण लोक सेवा केंद्र के माध्यम से दर्ज कराने की अपील की। उन्होंने बताया कि इससे प्रकरणों के निराकरण की समय-सीमा तय होती है और निर्धारित समय-सीमा में निराकरण नहीं होने पर प्रति आवेदन प्रतिदिन 250 रुपये अर्थदंड का प्रावधान है। उन्होंने राजस्व संबंधी आदेशों में अनावश्यक विलंब की शिकायतों पर कार्रवाई की बात कही।

जन संवाद के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने सड़क सुरक्षा को लेकर नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय हेलमेट सहित आवश्यक सुरक्षा उपायों का पालन करें।

श्री उपाध्याय ने साइबर फ्रॉड से बचने के लिए मोबाइल पर आने वाले संदिग्ध मैसेज और अन्य माध्यमों से प्राप्त संदेशों के प्रति सतर्क रहने की सलाह भी नागरिकों को दी। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध लिंक या संदेश के माध्यम से ठगी का प्रयास हो सकता है, इसलिए सावधानी ही सबसे महत्वपूर्ण बचाव है।जन संवाद के इस कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष श्रीमती रश्मि मनेन्द्र अग्निहोत्री, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती संध्या दिलीप दुबे, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती अंजली गोलू पांडे, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक गहलोत, अपर कलेक्टर श्रीमती नीता राठौर, श्री रविशंकर राय, श्री शैलेंद्र सिंह, सिहोरा एसडीएम ज्योति परस्ते, एसडीओपी आदित्य सिंहारिया तथा सभी विभागों के जिला अधिकारी भी उपस्थित थे।

उद्यम संवाद के कार्यक्रम में दी स्‍वरोजगार योजनाओं की जानकारी

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत सिहोरा नगर पालिका सभागार में जन संवाद के पहले उद्यम संवाद का कार्यक्रम आयोजित किया गया। उद्यम संवाद में सिहोरा क्षेत्र के उद्यमियों ने योजनाओं से मिले लाभ, व्यवसाय शुरू करने के अनुभव और सामने आई समस्याओं की जानकारी साझा की। कार्यक्रम में पीएमएफएमई योजना, आचार्य विद्यासागर योजना, पीएम स्‍वनिधि योजना के तहत हितलाभों का वितरण किया गया तथा मुस्‍कान स्‍व सहायता समूह को छह लाख रूपये का ऋण स्‍वीकृति पत्र प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने युवाओं और उद्यमियों से संवाद कर शासन की स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापना से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप व्यवसाय का चयन कर योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।कलेक्टर ने कहा कि युवाओं को रोजगार व स्व रोजगार उपलब्ध कराने के साथ आर्थिक समृद्धि बढ़ाने के लिए विभिन्न विभागों के माध्यम से अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। जरूरत केवल पहल कर इनका लाभ लेने की है।

युवाओं को ऋण सुविधा उपलब्ध

उद्यम संवाद के कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक श्री विनीत रजक ने मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना की जानकारी देते हुए बताया कि व्यापार, सेवा और विनिर्माण गतिविधियों के लिए युवाओं को ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। योजना के तहत व्यापार एवं सेवा गतिविधियों के लिए 25 लाख रुपए तथा विनिर्माण इकाई के लिए 50 लाख रुपए तक ऋण लिया जा सकता है। सामान्य एवं ओबीसी वर्ग के हितग्राहियों को 3 प्रतिशत ब्याज अनुदान का लाभ मिलता है।

शासन उठाता है गारंटी और शुल्क का भार

श्री रजक ने बताया कि मुख्‍यमंत्री उद्यम क्रांति योजना की प्रमुख विशेषता सीजीटीएमएसई गारंटी है। ऋण की गारंटी शासन द्वारा कवर की जाती है और गारंटी शुल्क का भुगतान भी शासन करता है। हितग्राही को अधिकतम सात वर्ष तक 3 प्रतिशत ब्याज अनुदान दिया जाता है। इसके लिए ऋण खाते का नियमित रहना जरूरी है।

एससी-एसटी वर्ग के लिए भी स्वरोजगार योजनाएं

जिला उद्योग केन्‍द्र के महाप्रबंधक ने बताया कि अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना तथा अनुसूचित जाति वर्ग के लिए संत रविदास स्वरोजगार योजना संचालित है। संत रविदास स्वरोजगार योजना में 5 प्रतिशत ब्याज अनुदान का प्रावधान है।

डेयरी व्यवसाय में 25 से 33 प्रतिशत तक सब्सिडी-

पशुपालन विभाग की उप संचालक डॉ. ज्योति तिवारी ने उद्यम संवाद के कार्यक्रम में आचार्य विद्यासागर और डेयरी प्लस योजना की जानकारी दी। वहीं उप संचालक किसान कल्‍याण तथा कृषि विकास उमेश कटहरे ने किसानों के लिए संचालित विभिन्‍न योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि दलहन आत्मनिर्भरता मिशन के तहत अरहर, उड़द और मूंग के बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। अरहर सहित अन्य फसलों के मिनी किट वितरित किए गए हैं। तिलहन योजना के तहत फसलों के प्रदर्शन भी आयोजित किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत स्प्रिंकलर सहित सिंचाई उपकरणों पर अनुदान दिया जाता है।

15 सितंबर तक पंचायतों में बनेगी फार्मर आईडी

उप संचालक किसान कल्‍याण तथा कृषि विकास श्री कटहरे ने बताया कि 20 अगस्त से 15 सितंबर तक पंचायत स्तर पर फार्मर आईडी बनाने का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने किसानों से अभियान का लाभ लेने की अपील करते हुए बताया कि भविष्य में कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए फार्मर आईडी महत्वपूर्ण होगी।उन्होंने बताया कि ई-विकास प्रणाली-2 में भी बदलाव किए गए हैं। अब किसान अपनी फसल और आवश्यकता के अनुसार उर्वरक का चयन कर सकेंगे। अतिरिक्त उर्वरक लेने के लिए कारण दर्ज करने की प्रक्रिया को भी आसान किया गया है।उद्यम संवाद के इस कार्यक्रम में विधायक श्री संतोष वरकड़े, जनपद अध्यक्ष श्रीमती रश्मि मनेन्द्र अग्निहोत्री, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती संध्या दिलीप दुबे, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती अंजली गोलू पांडे, पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक गहलोत, एडीएम श्रीमती नीता राठौर, शैलेन्द्र सिंह एवं रविशंकर राय भी मौजूद थे।

विधायक और कलेक्‍टर–एसपी ने किया गौशाला का अवलोकन

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विद्यासागर सेवा आश्रम समिति द्वारा संचालित दिव्योदय अतिशय क्षेत्र सम्मेदगिरि गौशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने गौशाला में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही पशुओं को पर्याप्त उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। गौशाला समिति ने पशुओं के लिए चारा उगाने शासन-प्रशासन से भूमि उपलब्ध कराने की मांग की।

कन्या शाला में छात्राओं से किया संवाद

जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने एकीकृत शासकीय माध्यमिक कन्या शाला का भी निरीक्षण किया। विधायक श्री वरकड़े ने छात्राओं से साइकिल एवं पुस्तकें मिलने की जानकारी ली और शिक्षा से संबंधित सवाल किए। छात्राओं ने बताया कि वे पढ़-लिखकर बड़ी होकर कलेक्टर बनना चाहती हैं। कलेक्टर श्री सिंह ने छात्राओं से संवाद करते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया तथा सामान्य ज्ञान से संबंधित जानकारी भी ली।विद्यालय के शिक्षकों ने बिजली से संबंधित समस्या से अवगत कराया। इस पर कलेक्टर श्री सिंह ने संबंधित अधिकारियों को पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

भोजन की गुणवत्ता परखी

एकीकृत शासकीय माध्यमिक कन्या शाला में कलेक्टर श्री सिंह ने छात्राओं को दिए जाने वाले मध्यान्ह भोजन को खाकर उसकी गुणवत्ता परखी। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी भोजन का स्वाद लिया। भोजन अच्छी गुणवत्ता का एवं स्वादिष्ट पाया गया।

आंगनबाड़ी में बच्चों ने किया स्वागत

अभियान के दौरान जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-1 गोसलपुर पहुंचे। यहां नन्हें बच्चों ने विधायक श्री वरकड़े, कलेक्टर श्री सिंह एवं एसपी श्री उपाध्याय का फूल देकर स्वागत किया। कलेक्टर श्री सिंह ने बच्चों की संख्या एवं उन्हें मिलने वाले पोषण आहार की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों से कविता भी सुनी।

खाद वितरण की ली जानकारी

आँगनवाड़ी केंद्र के बच्चों से रूबरू होने के बाद विधायक, कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने गोसलपुर में प्राथमिक कृषि साख सहाकारी समिति का निरीक्षण किया तथा खाद की उपलब्धता एवं वितरण की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि खाद वितरण में किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या नहीं आनी चाहिए। कलेक्टर श्री सिंह ने समिति भवन में पानी के रिसाव की समस्या को देखते हुए ऊपर टीन शेड लगाकर पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सुविधाओं का लिया जायजा

गोसलपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में नवनिर्मित भवन का विधायक श्री वरकड़े, कलेक्टर श्री सिंह एवं एसपी श्री उपाध्याय ने अवलोकन किया। इसके बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की पुरानी बिल्डिंग में पहुंचकर मरीजों से संवाद किया और उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों से दवाइयों की उपलब्धता, एएनसी पंजीयन एवं टीकाकरण की जानकारी लेते हुए मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

पंचायत कार्यालय में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के स्कूल, आँगनवाड़ी केंद्र, खाद वितरण केन्‍द्र और स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के पहले कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने विधायक  संतोष वरकडे के साथ गोसलपुर में ग्राम पंचायत कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं।इस अवसर पर विधायक श्री वरकडे ने कहा कि सरकार और आम नागरिकों के बीच विश्वास को मजबूत करने तथा शासन की योजनाओं एवं सेवाओं को प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की पहल पर यह मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से सरकार के प्रतिनिधि और अधिकारी आमजन के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं से रूबरू हो रहे हैं तथा यथासंभव मौके पर ही उनका निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विभिन्न शासकीय योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को भी अभियान के माध्यम से लाभ दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।श्री वरकडे ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान किसी एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से निरंतर आमजन की समस्याओं को सुना और उनका समाधान किया जाएगा।

इंडिया पोल खोल को आर्थिक सहायता प्रदान करने हेतु इस QR कोड को किसी भी UPI ऐप्प से स्कैन करें। अथवा "Donate Now" पर टच/क्लिक करें। 

Click Here >> Donate Now

इंडिया पोल खोल के YouTube Channel को Subscribe करने के लिए इस YouTube आइकन पर टच/Click करें।

इंडिया पोल खोल के WhatsApp Channel को फॉलो करने के लिए इस WhatsApp आइकन पर टच/Click करें।


इस ख़बर को शेयर करें