गंज का हनुमान चौक बनेगा भक्ति का केंद्र,भव्य झांकियों का होगा स्वागत

इस ख़बर को शेयर करें

राजेश मदान बैतूल। हनुमान जन्मोत्सव को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। प्रमुख हनुमान मंदिरों के साथ शोभायात्रा मार्गों को रंग-बिरंगी रोशनी, स्वागत द्वार, फूलों की सजावट और भगवा ध्वजों से सजाया जा रहा है, जिससे पूरा शहर भगवामय नजर आ रहा है और भक्तिमय वातावरण बन चुका है।

गंज का हनुमान चौक बनेगा आस्था का केंद्र

गंज क्षेत्र में श्री हनुमान जन्मोत्सव समिति बैतूल द्वारा श्री हनुमान चौक पर विशेष आयोजन किए जाएंगे। यहां श्री हनुमान चालीसा के पाठ के बाद शाम 7.30 बजे श्री राम दरबार की महाआरती होगी। इसके पश्चात शहर के विभिन्न क्षेत्रों से निकलने वाली भव्य शोभायात्राएं यहां पहुंचकर एकत्रित होंगी।

शहरभर से निकलेंगी भव्य शोभायात्राएं

इन शोभायात्राओं में कोठीबाजार से घाटा मेहंदीपुर बालाजी की शोभायात्रा, श्री हनुमान मंदिर गर्ग कॉलोनी, रामनगर, भग्गूढ़ाना, चुन्नीढाना सहित अन्य क्षेत्रों की झांकियां शामिल रहेंगी। हर शोभायात्रा अपने साथ आस्था, उत्साह और भक्ति का अनूठा संगम लेकर आएगी।

अखाड़े, झांकियां और भजनों से सजेगा माहौल

शोभायात्राओं में अखाड़ों के हैरतअंगेज प्रदर्शन, आकर्षक झांकियां, बैंड-बाजों की गूंज और भजन मंडलियों की प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करेंगी। श्री हनुमान चौक गंज पहुंचने पर इन झांकियों का आतिशबाजी और पुष्पवर्षा के साथ भव्य स्वागत किया जाएगा तथा आयोजकों को शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया जाएगा।

सुबह ब्रह्ममुहूर्त से शुरू होंगे धार्मिक आयोजन

हनुमान जन्मोत्सव के दिन शहर के कई मंदिरों में सुबह 4 बजे ब्रह्ममुहूर्त में मंगल आरती, हनुमान चालीसा पाठ और विशेष अभिषेक किए जाएंगे। दिनभर धार्मिक अनुष्ठान चलते रहेंगे और भक्तों की भारी भीड़ मंदिरों में उमड़ेगी।

भंडारों में हजारों श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी

दोपहर के समय शहर के विभिन्न स्थानों पर भंडारे आयोजित किए जाएंगे, जहां हजारों श्रद्धालुओं के लिए भोजन की व्यवस्था की गई है। समाजसेवी संगठनों और व्यापारियों द्वारा प्रसादी वितरण के साथ सेवा का भाव भी देखने को मिलेगा।

*सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर प्रशासन अलर्ट*

आयोजन को लेकर मंदिर समितियों, व्यापारियों और धर्मप्रेमी नागरिकों के साथ पुलिस विभाग द्वारा चौक-चौराहों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। नगर पालिका द्वारा प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई को लेकर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

*श्रद्धालुओं के लिए सेवा की विशेष व्यवस्था*

व्यापारियों की ओर से श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी, शीतल शरबत और पीने के पानी की व्यवस्था की गई है। वहीं दिलबहार चौक गंज पर जय हनुमान सेवा समिति द्वारा सुंदरकांड पाठ के बाद शोभायात्राओं के आयोजकों का बूंदी के बड़े मोदक और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मान किया जाएगा। यहां चना और हलवा प्रसादी का वितरण भी किया जाएगा।

*शहर में दिख रहा भक्ति और उत्साह का संगम*

हनुमान जन्मोत्सव को लेकर पूरे बैतूल शहर में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। हर ओर जय श्रीराम और जय हनुमान के जयकारे गूंज रहे हैं। श्री हनुमान जन्मोत्सव समिति गंज ने सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर उत्सव को सफल बनाने की अपील की है।

इंडिया पोल खोल को आर्थिक सहायता प्रदान करने हेतु इस QR कोड को किसी भी UPI ऐप्प से स्कैन करें। अथवा "Donate Now" पर टच/क्लिक करें। 

Click Here >> Donate Now

इंडिया पोल खोल के YouTube Channel को Subscribe करने के लिए इस YouTube आइकन पर टच/Click करें।

इंडिया पोल खोल के WhatsApp Channel को फॉलो करने के लिए इस WhatsApp आइकन पर टच/Click करें।


इस ख़बर को शेयर करें