जनसंवाद में सुनीं समस्याएं,कलेक्टर ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश

इस ख़बर को शेयर करें

जबलपुर,मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत जिले में गठित जिला स्तरीय पांच दलों ने शुक्रवार को अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों का भ्रमण कर जनसंवाद आयोजित किया तथा विभिन्न शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण किया। अभियान के तहत विकासखंड एवं क्लस्टर स्तर पर दलों के गठन के साथ-साथ जिला स्तरीय अधिकारियों के भी पांच दल बनाए गए हैं। भ्रमण एवं निरीक्षण के बाद सभी दल जनपद पंचायत पनागर पहुंचे, जहां उद्योग संवाद के पश्चात आयोजित जनसंवाद में अपने-अपने क्षेत्रों के निरीक्षण एवं प्राप्त शिकायतों की जानकारी साझा की।जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गहलोत ने बताया कि ग्राम पंचायत कंदारखेड़ा में जनसंवाद के दौरान वार्ड क्रमांक 7 एवं 8 में बिजली के खंभे नहीं होने तथा स्कूल एवं रहवासी क्षेत्र के बीच से गुजर रही 11 केवी विद्युत लाइन को सुरक्षा की दृष्टि से हटाने की मांग सामने आई। विद्यालय में शिक्षकों के समय पर नहीं पहुंचने की शिकायत भी प्राप्त हुई। इस पर कलेक्टर श्री सिंह ने संबंधित शिक्षकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।श्री गहलोत ने बताया कि कंदराखेड़ा में महिलाओं ने अवैध शराब बिक्री की शिकायत की, जिस पर संबंधित व्यक्ति को तत्काल पुलिस की सहायता से पकड़कर थाने भेजा गया तथा नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उन्होंने बताया कि अन्य स्थानों पर ग्रामीणों ने शासकीय योजनाओं का लाभ मिलने पर संतोष व्यक्त किया तथा पशु चिकित्सालय की सेवाओं की भी सराहना की।अपर कलेक्टर शैलेन्‍द्र सिंह ने बताया कि उनके दल ने ग्राम सुंदरपुर का निरीक्षण किया, जहां स्कूल में बाउंड्रीवाल नहीं होने तथा गौशाला संबंधी समस्याएं सामने आईं। इस पर कलेक्टर श्री सिंह ने संबंधित अधिकारियों को गौशाला की नियमित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत में आयुष्मान कार्ड बनाने में आ रही समस्याओं तथा आंगनवाड़ी निरीक्षण के दौरान गर्मी के दिनों में बच्चों को नाश्ता नहीं मिलने की शिकायत भी प्राप्त हुई। इस पर संबंधित अधिकारियों को जांच कर समस्या के निराकरण के निर्देश दिए गए।अपर कलेक्टर रविशंकर राय ने बताया कि ग्राम उद्धर्वाकला के निरीक्षण के दौरान स्कूलों में अध्ययन व्यवस्था संतोषजनक मिली, लेकिन शौचालयों में गंदगी पाई गई। जिसको लेकर कलेक्टर श्री सिंह ने नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। ग्रामवासियों ने पटवारी द्वारा मौके पर गिरदावरी नहीं करने की शिकायत भी की। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने समय पर ट्रांसफार्मर नहीं बदले जाने की समस्या भी बताई, ग्राम पंचायत निंदुआ में पानी की टंकी बनने के बावजूद पाइपलाइन नहीं होने से जलापूर्ति नहीं हो रही थी तथा टंकी पर अवैध कब्जे की शिकायत भी मिली। निरीक्षण के दौरान स्कूल भवन में सीवेज की समस्या भी देखने को मिली। कलेक्टर ने सभी शिकायतों का निराकरण करने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।अपर कलेक्टर श्रीमती नीता राठौर ने नगर पालिका पनागर क्षेत्र के निरीक्षण की जानकारी देते हुए बताया कि वार्ड क्रमांक 5 के विद्यालय में प्राचार्य गायब थे, साथ ही विद्यालय परिसर के पीछे अतिक्रमण पाया गया, जिसे तत्काल हटवा दिया गया। विद्यालय के शौचालय में पानी की सुविधा नहीं थी तथा अग्निशमन व्यवस्था भी उपलब्ध नहीं थी। इस पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उन्होंने बताया कि कन्या विद्यालय के 100 मीटर के दायरे में पान की दुकान संचालित मिली, जिसे पुलिस विभाग की सहायता से त्वरित ही हटाने की कार्यवाही की गई। साथ ही विद्यालय के आसपास अनावश्यक रूप से घूमने वाले युवकों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।अपर कलेक्टर श्रीमती राठौर ने बताया कि निरीक्षण के दौरान शासकीय स्कूल में भोजन की गुणवत्ता संबंधी शिकायतें भी प्राप्त हुईं। जगमोहन वार्ड में किराये के भवन में संचालित आंगनवाड़ी केंद्र में एक छोटे कमरे में अधिक संख्या में बच्चे बैठे मिले। यहां पेयजल की व्यवस्था नहीं थी तथा भोजन की गुणवत्ता भी संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। श्रीमती राठौर ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में गंदगी पाई गई। वहीं 108 एंबुलेंस सुविधा समय पर उपलब्ध नहीं होने की शिकायत भी सामने आई।सभी दलों द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि सभी शिक्षक समय पर विद्यालय पहुंचें, प्रत्येक कक्षा नियमित रूप से संचालित हो तथा विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों के शौचालयों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूलों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों की खुली खिड़कियों पर जाली लगाने के निर्देश दिए। साथ ही समग्र ई-केवाईसी एवं आयुष्मान कार्ड बनाने का कार्य शीघ्र पूर्ण करने तथा आगामी जनसंवाद में आधार एवं ई-केवाईसी टीम को मौके पर उपस्थित रखने के निर्देश भी दिए।वहीं पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने गांवों में अवैध शराब बिक्री पर आबकारी विभाग एवं पुलिस द्वारा समन्वय बनाकर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों एवं गांवों में आवश्यक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, पुलिस कंट्रोल रूम तथा संबंधित थाना एवं चौकी के संपर्क नंबर विद्यालयों में प्रदर्शित कराने के निर्देश भी दिए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त की जा सके। इस दौरान जन-विश्वास अभियान के लिए गठित सभी जिला स्तरीय दलों के अधिकारी उपस्थित थे।

इंडिया पोल खोल को आर्थिक सहायता प्रदान करने हेतु इस QR कोड को किसी भी UPI ऐप्प से स्कैन करें। अथवा "Donate Now" पर टच/क्लिक करें। 

Click Here >> Donate Now

इंडिया पोल खोल के YouTube Channel को Subscribe करने के लिए इस YouTube आइकन पर टच/Click करें।

इंडिया पोल खोल के WhatsApp Channel को फॉलो करने के लिए इस WhatsApp आइकन पर टच/Click करें।


इस ख़बर को शेयर करें