हाइवे जाम करेंगे सिहोरा वासी,मशालों के साथ निकलेगा मशाल जुलूस

इस ख़बर को शेयर करें

जबलपुर/सिहोरा :हाइवे जाम के साथ मशाल जुलूस निकालने की तैयारी कर रहे सिहोरा वासियों को आखिर ये सब करने की जरूरत क्यों पड़ रही है ?

यह है मामला 

बताया जा रहा है की सिहोरा को जिला बनाने की वर्षों पुरानी मांग को लेकर चल रहा आंदोलन अब एक बार फिर निर्णायक मोड़ की ओर बढ़ रहा है। लक्ष्य जिला सिहोरा आंदोलन समिति की 18 नवंबर 2026 को आयोजित बैठक में आंदोलन को व्यापक और निर्णायक स्वरूप देने के लिए पांच महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में जनप्रतिनिधियों से स्पष्ट समर्थन मांगने से लेकर पूरे क्षेत्र में जनजागरण अभियान चलाने और 26 दिसंबर को विशाल मशाल जुलूस निकालने तक की रणनीति तैयार की गई।

जनप्रतिनिधियों से अब आश्वासन नहीं, स्पष्ट जवाब चाहिए

बैठक में निर्णय लिया गया कि सिहोरा विधायक एवं जबलपुर सांसद से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा मध्यप्रदेश प्रशासनिक इकाई पुनर्गठन आयोग के नाम सिहोरा को जिला बनाने के समर्थन में पत्र प्राप्त किए जाएंगे। समिति ने स्पष्ट किया कि इस बार केवल आश्वासन स्वीकार नहीं किया जाएगा। जनप्रतिनिधि तत्काल पत्र दें अथवा अपनी असहमति स्पष्ट करें। सिहोरा की जनता यह जानना चाहती है कि उसके दोनों जनप्रतिनिधि जिला बनाने की मांग के साथ खड़े हैं या नहीं।समिति ने बैठक में बताया कि सिहोरा विधायक लगातार तीन वर्षो से पत्र लिखने का वादा कर उसे टाल देते है।

‘मुख्यमंत्री जी, सिहोरा मध्यप्रदेश में है’ अभियान होगा तेज

समिति द्वारा एक व्यापक जनजागरण अभियान शुरू किया जाएगा। ‘मुख्यमंत्री जी, सिहोरा मध्यप्रदेश में है’ शीर्षक से सोशल मीडिया पर निरंतर अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही संपूर्ण सिहोरा क्षेत्र में पोस्टर लगाकर सरकार और मुख्यमंत्री का ध्यान सिहोरा की उपेक्षा तथा जिला बनाने की लंबित मांग की ओर आकर्षित किया जाएगा।

हर समाज, हर वर्ग की बनेगी समिति

आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संगठनों एवं वर्गों के लोगों को जोड़कर अलग-अलग ‘जिला सिहोरा समितियों’ का गठन किया जाएगा। प्रत्येक समिति में 10 से 20 सदस्य शामिल होंगे। इसका उद्देश्य आंदोलन को किसी एक संगठन तक सीमित न रखते हुए व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।

26 दिसंबर को 2000 से अधिक मशालों के साथ निकलेगा मशाल जुलूस

बैठक का सबसे महत्वपूर्ण निर्णय आगामी 26 दिसंबर को लेकर रहा। उल्लेखनीय है कि 26 दिसंबर 2025 को भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात और चर्चा के बाद सिहोरा जिला आंदोलन स्थगित किया गया था। इस मुलाकात को एक वर्ष पूरा होने पर 26 दिसंबर 2026 को सिहोरा में 2000 से अधिक मशालों के साथ विशाल मशाल जुलूस निकालने का निर्णय लिया गया है।
समिति का मानना है कि एक वर्ष बीत जाने के बाद भी यदि सिहोरा जिला बनाने के संबंध में कोई ठोस निर्णय सामने नहीं आता है, तो जनता के बीच आंदोलन को लेकर नई रणनीति के साथ उतरना आवश्यक है।

निर्णय नहीं तो नेशनल हाईवे पर आर-पार का संघर्ष

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि यदि सरकार सिहोरा जिला बनाने के संबंध में कोई ठोस निर्णय नहीं लेती है, तो आंदोलन को और व्यापक स्वरूप दिया जाएगा। इसके तहत नेशनल हाईवे जाम करने सहित आर-पार के संघर्ष की रणनीति अपनाई जाएगी। समिति ने स्पष्ट किया कि सिहोरा जिला के मुद्दे पर अब किसी भी प्रकार का कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

बैठक में बड़ी संख्या में सिहोरा वासी रहे उपस्थित

बैठक में समिति के अनिल जैन, विकास दुबे, कृष्ण कुमार कुररिया, संतोष पांडे, संजय पाठक, संतोष वर्मा, राजभान मिश्रा, अजय सोनी, डब्बू पाठक, शिशिर पांडे, आलोक पांडे, अभिषेक जैन, रामनरेश यादव, रमेश पटेल, शमशेर खान, उमेश चौबे, राजकिशोर तिवारी, जितेंद्र श्रीवास, नीतेश खरया, मानस तिवारी, अमित बक्शी, अर्पित वर्मा, शुभम दहायत, आशीष तिवारी, राकेश पाठक, दिनेश विश्वकर्मा, सूर्यदेव मिश्रा, नीरज शर्मा, उमंग ढीमरा, केदार परौहा सहित अनेक सिहोरा वासी उपस्थित रहे।बैठक में उपस्थित लोगों ने सिहोरा को जिला बनाने की मांग को लेकर एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

इंडिया पोल खोल को आर्थिक सहायता प्रदान करने हेतु इस QR कोड को किसी भी UPI ऐप्प से स्कैन करें। अथवा "Donate Now" पर टच/क्लिक करें। 

Click Here >> Donate Now

इंडिया पोल खोल के YouTube Channel को Subscribe करने के लिए इस YouTube आइकन पर टच/Click करें।

इंडिया पोल खोल के WhatsApp Channel को फॉलो करने के लिए इस WhatsApp आइकन पर टच/Click करें।


इस ख़बर को शेयर करें