मध्यप्रदेश के 70 वें स्थापना दिवस पर जबलपुर में हुआ भव्य आयोजन

जबलपुर :मध्यप्रदेश के 70वें स्थापना दिवस पर आज यहाँ गोलबाजार स्थित शहीद स्मारक भवन के सभागार में भव्य समारोह का आयोजन किया गया।प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह के मुख्य आतिथ्य में आयोजित समारोह में जहाँ प्रदेश के गौरवशाली इतिहास, वर्तमान की उपलब्धियों और भविष्य की विकास की योजनाओं का उल्लेख किया गया वहीं प्रदेश की लोक संस्कृति को प्रदर्शित करते करमा और भगोरिया नृत्य भी प्रस्तुत किये गये। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों और जबलपुर के नागरिकों को बधाई दी और प्रदेश के नवनिर्माण की यात्रा में अपना भरपूर योगदान देने का आव्हान किया।मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह का मॉं सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। मध्यप्रदेश गान का गायन भी इस अवसर पर किया गया। समारोह में महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक संतोष वरकड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष आशा गोंटिया, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, भारतीय जनता पार्टी के नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर एवं जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) राजकुमार पटेल, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय एवं अपर कलेक्टर नाथूराम गोंड मंचासीन थे।”अभ्युदय मध्यप्रदेश-प्रदेश के सर्वांगीण विकास की पहल”की थीम पर आयोजित मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर शहीद स्मारक प्रांगण में प्रदर्शनी भी लगाई गई। स्थापना दिवस के शुभारंभ के पहले लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह एवं महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू एवं सभी आमंत्रित अतिथियों ने अवलोकन किया। प्रदर्शनी में जिला पंचायत, लोक निर्माण विभाग, जनजातीय कार्य विभाग, जिला शिक्षा केंद्र, मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम, किसान कल्याण तथा कृषि विकास, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन तथा एमएसएमई विभाग द्वारा स्टॉल लगाये गये थे।

बीमारू से देश का अग्रणी राज्य बना मध्य प्रदेश- लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह.
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुये प्रदेश और जबलपुर के नागरिकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह भगवान परशुराम जी की जन्म स्थली है, भगवान श्री कृष्ण जी की विद्या स्थली है और आद्य शंकराचार्य जी की तपोस्थली भी है। इस सुन्दर प्रदेश को लेकर आज पूरे देश में बहुत ही सकारात्म
क चर्चा और बातें हो रही हैं। सिंह ने मध्यप्रदेश में तेजी से हो रही प्रगति का जिक्र करते हुय कहा कि जिस प्रदेश को कभी ‘बीमारू’ राज्य माना जाता था, आज हमारा मध्यप्रदेश देश के तेजी के साथ विकसित होने वाले अग्रणी राज्यों में से एक है। यह अचानक नहीं हुआ, बल्कि यह निरंतर परिश्रम की पराकाष्ठा से संभव हुआ है। वर्ष 2004 के बाद जिस तरह से मध्यप्रदेश के विकास की कल्पनाएं हुई और प्रदेश की जनता ने उसमें योगदान दिया, यह उसी का सुखद परिणाम है।मंत्री सिंह ने कहा जिस प्रदेश में कभी बीहड़ों की चर्चा हुआ करती थी, आज उस प्रदेश में एक्सप्रेस-वे और सुन्दर हाईवे बन रहे हैं और इसे एक अच्छे इंफ्रास्ट्रक्चर वाले प्रदेश के रूप में जाना जाता है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश वह प्रदेश है जहाँ प्रगति के साथ प्रकृति का समन्वय और तालमेल बना हुआ है। हम लोक निर्माण से लोक कल्याण के सिद्धांत पर आगे बढ़ रहे हैं। प्रदेश के तेजी से हो रहे विकास में लोक निर्माण विभाग सहित सभी विभाग अपने-अपने हिस्से का सर्वश्रेष्ठ दे रहे हैं और इसी का सुखद परिणाम है कि मध्यप्रदेश की गिनती आज देश के अग्रणी राज्यों मेहो रही है।लोक निर्माण मंत्री ने अपने संबोधन के समापन पर सभी से मध्यप्रदेश के नव निर्माण की इस यात्रा में अपनी तरफ से भरपूर योगदान देने का आव्हान किया। उन्होंने कहा यह योगदान ऐसा हो कि बाहर से यहाँ आने वाला हर एक व्यक्ति यह कहे कि मध्यप्रदेश ना केवल देश का दिल है, बल्कि ये विकास में भी अव्वल है।
संस्कारधानी के विकास में सब दें योगदान – महापौर अन्नू
महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ ने स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुये कहा कि जबलपुर को संस्कारधानी के नाम से जाता है। यह हमारी जन्म भूमि है और कर्म भूमि है। यह उस प्रदेश में आती है जो पूरे देश का हृदय माना जाता है। महापौर ने मध्यप्रदेश के इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि यह कभी मध्यप्रांत या सीपी बरार का हिस्सा था। वर्ष 1956 में मध्यप्रदेश की स्थापना हुई। इसे प्रकृति ने बहुत कुछ दिया है। यहां दो ज्योतिर्लिंग, महाकालेश्वर और ओंकारेश्वर हैं। मध्यप्रदेश शांति का टापू है और इसे टाइगर स्टेट के रूप में जाना जाता है। उन्होंने मध्यप्रदेश को तेजी से विकसित होता राज्य बताया।महापौर ने अपने संबोधन में प्रदेश में हुये विकास कार्यों का उल्लेख करते हुये कहा कि जब से देश में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में सरकार बनी है मध्यप्रदेश में बहुत सारे बदलाव देखने मिले हैं। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में भी मध्यप्रदेश ने तेजी तरक्की की है और कई योजनाओं में हम देश में पहले स्थान पर हैं। श्री अन्नू ने जबलपुर में हुये विकास कार्यों का जिक्र करते हुये प्रदेश का सबसे बड़ा फ्लाई ओवर, देश की दूसरी सबसे बड़ी रिंग रोड, एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन के विस्तार जैसी बड़ी सौगातें दिलाने के लिये लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह को श्रेय दिया। महापौर ने वीरांगना रानी दुर्गावती को याद करते हुये कहा कि जब भी जबलपुर की बात हो रानी दुर्गावती के शौर्य और बलिदान की चर्चा तो सभी को करना ही चाहिए। रानी दुर्गावती ने सभी धर्मों और सभी वर्गों के लोगों को एकता के सूत्र में बांधने का काम किया।
रविवार को होगा नर्मदा तट के विकास की कार्ययोजना पर प्रजेंटेशन
लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह में गौरीघाट में मां नर्मदा के तट को सुंदर और भव्य स्वरूप देने बनाई गई कार्ययोजना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में सरयू के तट की तर्ज पर माँ नर्मदा के घाटों को विकसित करने की बनाई गई इस कार्ययोजना का रविवार को मीडिया के समक्ष प्रेजेंटेशन दिया जाएगा। श्री सिंह ने कहा कि गौरीघाट में विकसित किये जाने वाले घाट पूरे देश में माँ नर्मदा के किनारे के पहले घाट होंगे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मन मोहा :-
मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह में स्कूली बच्चों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये गये। इनमें सत्यप्रकाश पब्लिक स्कूल के बच्चों द्वारा करमा नृत्य, सेंट थॉमस उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा भगोरिया नृत्य को खूब सराहना मिल। माउंट लिटरा सीनियर सेकेंडरी स्कूल की चारों युग पर केंद्रित समूह नृत्य तथा पश्चिम मध्य रेलवे के स्काउट्स एवं गाइड्स के छात्र-छात्राओं द्वारा “स्वच्छ रेल-स्वच्छ भारत” पर केंद्रित नुक्कड़ नाटक को भी दर्शकों की वाहवाही मिली। समारोह के समापन पर सांस्कृति कार्यक्रमों में सहभागी सभी बच्चों को महापौर श्री जगत बहादुर सिंह अन्नू एवं आमंत्रित अतिथियों की उपस्थिति में प्रमाण पत्र प्रदान किये गये।
इंडिया पोल खोल को आर्थिक सहायता प्रदान करने हेतु इस QR कोड को किसी भी UPI ऐप्प से स्कैन करें। अथवा "Donate Now" पर टच/क्लिक करें।
Click Here >>
Donate Now
इंडिया पोल खोल के YouTube Channel को Subscribe करने के लिए इस YouTube आइकन पर टच/Click करें।
इंडिया पोल खोल के WhatsApp Channel को फॉलो करने के लिए इस WhatsApp आइकन पर टच/Click करें।
Google News पर इंडिया पोल खोल को Follow करने के लिए इस GoogleNews आइकन पर टच/Click करें।
















