संस्कार कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर बैठक संपन्न

जबलपुर,श्रावण मास के दूसरे सोमवार 10 अगस्त को ग्वारीघाट से कैलाशधाम तक निकाली जाने वाली संस्कार कांवड़ यात्रा की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को लेकर शुक्रवार को पुलिस कंट्रोल रूम में जिला प्रशासन, पुलिस एवं आयोजन समिति के पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई।
एंबुलेंस आगे, बीच और पीछे तीन स्थानों पर तैनात रहें
बैठक में सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधा, पार्किंग एवं अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में महापौर एवं संस्कार कांवड़ यात्रा समिति के संरक्षक जगत बहादुर सिंह अन्नू, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय, नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक गहलोत, अपर कलेक्टर नीता राठौर, आयोजन समिति से शिव यादव, भारत सिंह यादव, द्वारका मिश्रा, पंकज पांडे, नीलेश रावत, राजेश यादव सहित नगर निगम, पुलिस, प्रशासन एवं आयोजन समिति के पदाधिकारी उपस्थित थे।महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने कहा कि संस्कार कांवड़ यात्रा और गुप्तेश्वर मंदिर समिति के बीच बेहतर समन्वय है। उन्होंने सुझाव दिया कि जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम से एक-एक नोडल अधिकारी नियुक्त कर संयुक्त रूप से संपूर्ण यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया जाए, ताकि सड़क, यातायात, भीड़ प्रबंधन एवं अन्य व्यवस्थाओं से जुड़ी समस्याओं का समय रहते समाधान किया जा सके।
उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष प्रबंधन किया जाए। एंबुलेंस आगे, बीच और पीछे तीन स्थानों पर तैनात रहें तथा आवश्यकता पड़ने पर फायर ब्रिगेड की भी व्यवस्था उपलब्ध रहे। कैलाशधाम मंदिर में प्रवेश एवं निकास के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए जाएं, जिससे श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन हो सकें।
पॉलीथिन मुक्त बनाने की अपील
महापौर ने कैलाशधाम मार्ग की खराब स्थिति का उल्लेख करते हुए यात्रा से पहले नलजल योजना के कार्य को दृष्टिगत रखते हुए रूट डाइवर्ट करने पर जोर दिया। उन्होंने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं नगर निगम अधिकारियों से स्वयं यात्रा मार्ग और मंदिर परिसर का निरीक्षण करने का आग्रह किया। नर्मदा तट पर जल भरने वाले स्थानों पर गोताखोर, होमगार्ड, बैरिकेडिंग एवं चेतावनी संकेत लगाने तथा बरगी बांध से पानी छोड़े जाने की स्थिति में पूर्व सूचना उपलब्ध कराने की आवश्यकता भी बताई।उन्होंने मंदिर परिसर में प्राथमिक उपचार केंद्र, चिकित्सकों की टीम, आवश्यक दवाइयों तथा विशेष रूप से महिला श्रद्धालुओं के लिए चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर बल दिया। साथ ही पार्किंग, वाहन स्टैंड एवं स्वागत मंचों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।महापौर ने यात्रा को पूर्णतः पॉलीथिन मुक्त बनाने की अपील करते हुए कहा कि स्वागत मंचों एवं आयोजन स्थलों पर सिंगल-यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं किया जाए तथा श्रद्धालुओं के बीच पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी प्रसारित किया जाए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि समय रहते तैयारियां प्रारंभ होने से सभी विभाग बेहतर समन्वय के साथ कार्य करेंगे और यात्रा सुरक्षित एवं भव्य रूप से संपन्न होगी।
10 अगस्त को स्थानीय अवकाश घोषित करने का सुझाव
बैठक में संस्कार कांवड़ यात्रा समिति के पदाधिकारी शिव यादव ने यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं एवं चुनौतियों की जानकारी देते हुए कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जबलपुर की सांस्कृतिक पहचान भी है, जिसमें लाखों श्रद्धालु शामिल होते हैं। यात्रा को भव्य बनाने और आवश्यक व्यवस्था करने के लिए कहा। साथ ही भारी यातायात दबाव को देखते हुए 10 अगस्त को स्थानीय अवकाश घोषित करने का सुझाव भी दिया।समिति की ओर से कैलाशधाम मार्ग की जर्जर सड़कों की शीघ्र मरम्मत, मंदिर परिसर में बैरिकेडिंग, कतार प्रबंधन, प्रवेश एवं निकास की अलग व्यवस्था, पार्किंग, अस्थायी वाहन स्टैंड, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण के व्यापक इंतजाम करने की मांग रखी गई।समिति पदाधिकारियों ने कहा कि पहले सावन सोमवार से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिर पहुंचना शुरू हो जाती है। इसलिए सभी व्यवस्थाएं पूर्व निर्धारित समय सीमा में पूरी कर ली जाएं। उन्होंने असामाजिक तत्वों पर निगरानी, रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था एवं अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती पर भी जोर दिया।बैठक में समिति ने कहा कि संस्कार कांवड़ यात्रा को विश्व रिकॉर्ड में स्थान प्राप्त है। ऐसे में इसकी गरिमा के अनुरूप प्रशासन, पुलिस, नगर निगम और आयोजन समिति के बीच समन्वय स्थापित कर यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं भव्य रूप से संपन्न कराया जाना चाहिए।
इंडिया पोल खोल को आर्थिक सहायता
प्रदान करने हेतु इस QR कोड को किसी भी UPI ऐप्प से स्कैन करें। अथवा "Donate Now" पर टच/क्लिक करें।
Click Here >>
Donate Now
इंडिया पोल खोल के YouTube Channel को Subscribe करने के लिए इस YouTube आइकन पर टच/Click करें।
इंडिया पोल खोल के WhatsApp Channel को फॉलो करने के लिए इस WhatsApp आइकन पर टच/Click करें।














