भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर जबलपुर में होगा राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह

जबलपुर, भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर 14 नवंबर को सदर स्थित गैरिसन ग्राउंड में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर कलेक्टर कार्यालय में संभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनजातीय कार्य, लोक परिसंपत्ति प्रबंधन एवं भोपाल गैस त्रासदी राहत तथा पुनर्वास विभाग के मंत्री कुंवर विजय शाह एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके ने आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की।बैठक में सांसद आशीष दुबे, विधायक अजय विश्नोई, अशोक रोहाणी, नीरज सिंह एवं संतोष वरकड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष आशा मुकेश गोंटिया, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन,भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर,भाजपा ग्रामीण जिलाध्यक्ष राजकुमार पटेल उपस्थित थे।बैठक में जनजातीय कार्य विभाग के आयुक्त तरुण राठी, कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा, पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक गहलोत, डीएफओ पुनीत सोनकर तथा संबंधित विभागों के जिला अधिकारी मौजूद थे। संभाग के अन्य जिलों के कलेक्टर एवं अधिकारी भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े।मंत्री कुंवर विजय शाह ने कहा कि जबलपुर शहरी जिला होने के कारण यहां जनजातीय आबादी अपेक्षाकृत कम है। इसलिए सिवनी, मंडला, डिंडौरी एवं कटनी सहित संभाग के अन्य जिलों से जनजातीय समाज के लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के योगदान एवं जनजातीय गौरव के महत्व से अधिक से अधिक लोगों को परिचित कराने के उद्देश्य से आयोजन में जनजातीय समाज की व्यापक भागीदारी होनी चाहिए।मंत्री शाह ने कलेक्टरों एवं जिला पंचायत सीईओ को परिवहन, आवास और भोजन व्यवस्था के लिए वन विभाग के अधिकारियों, विशेषकर डीएफओ के साथ समन्वय करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वन विभाग के अधिकारियों को जनजातीय समाज के लोगों के साथ कार्य करने तथा बड़े आयोजनों में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने का अनुभव है। इस अनुभव का लाभ लेते हुए प्रतिभागियों के आने-जाने, भोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जाए। आवश्यकता पड़ने पर जिलों को अग्रिम राशि उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की जाएगी।मंत्री संपतिया उइके ने बैठक में समारोह स्थल पर प्रतिभागियों को व्यवस्थित रूप से बैठाने के लिए स्वयंसेवकों की तैनाती का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बैठक खंड में पांच स्वयंसेवक तैनात करने की बात कही गई, ताकि मुख्य अतिथियों के उद्बोधन के दौरान भी प्रतिभागी अपने स्थान पर बने रहें और कार्यक्रम की व्यवस्था सुचारु रहे।इसके साथ ही छात्रावासों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों तथा युवाओं को बड़ी संख्या में समारोह में शामिल करने पर जोर दिया गया। विद्यार्थियों के लिए आगे के बैठक खंड आरक्षित रखने तथा उन्हें विशेष टी-शर्ट उपलब्ध कराने की योजना पर भी चर्चा की गई।कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने बैठक में बताया कि समारोह में संभाग के सभी जिलों से जनजातीय समाज के प्रतिभागी शामिल होंगे। प्रतिभागियों को कार्यक्रम स्थल तक लाने के लिए बसों की व्यवस्था की जा रही है। संभाग के अन्य जिलों से भी निर्धारित लक्ष्य के अनुसार बसें लगाई जाएंगी।उन्होंने बताया कि सभी जिलों के आरटीओ आपसी समन्वय से बसों की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। बसों के निर्धारित रूट, पार्किंग स्थल एवं अन्य जानकारियां कार्यक्रम से एक दिन पहले उपलब्ध करानी होंगी। बसों को भी एक दिन पहले निर्धारित स्थानों पर खड़ा करने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि कार्यक्रम के दिन प्रतिभागियों को लाने में कोई असुविधा न हो।
सुबह 11 बजे तक कार्यक्रम स्थल पहुंचें प्रतिभागी
बैठक में बताया गया कि सभी जिलों से प्रतिभागियों को सुबह 11 बजे तक कार्यक्रम स्थल पर पहुंचाना सुनिश्चित करेंगे। इसके लिए बसों को सुबह 6 से 7 बजे के बीच रवाना करने की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के अन्य कार्यक्रम भी निर्धारित हैं, इसलिए आयोजन की समय-सारणी का विशेष ध्यान रखना जरूरी है। सभी जिलों में बसों के संचालन एवं प्रतिभागियों के पहुंचने की व्यवस्था की सतत निगरानी की जाएगी।
भोजन, पेयजल एवं आवास की रहेगी समुचित व्यवस्था
बैठक में बताया गया कि दूसरे जिलों से आने वाले प्रतिभागियों के लिए भोजन एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था की जाएगी। भोजन व्यवस्था के लिए सभी जिलों के जिला पंचायत सीईओ से समन्वय किया जाएगा। वापसी के दौरान प्रतिभागियों को बसों में भोजन के पैकेट उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की जाएगी। आयोजन से संबंधित व्यय का अनुमानित एवं आनुपातिक आवंटन जिलों को किया जाएगा।
धर्मगुरुओं का सम्मान एवं हितग्राहियों को हितलाभ वितरण होगा
बैठक में समारोह की प्रस्तावित कार्यक्रम रूपरेखा पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इसमें भगवान बिरसा मुंडा, रानी दुर्गावती, शंकर शाह, रघुनाथ शाह एवं टंट्या भील के चित्रों के लोकार्पण तथा चित्रों पर पुष्पांजलि कार्यक्रम को शामिल किया गया है। इसके साथ ही धर्मगुरुओं के सम्मान के लिए पृथक मंच की व्यवस्था, मंचासीन अतिथियों का स्वागत तथा चिन्हित हितग्राहियों को मंच से हितलाभ वितरित करने पर भी चर्चा की गई।बैठक में कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं, सांस्कृतिक आयोजनों, मंच की साज-सज्जा, बैकड्रॉप एवं प्रचार-प्रसार की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। बाहर से आने वाले प्रतिभागियों एवं हितग्राहियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियों एवं शहर की व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। सभी जिलों के अधिकारियों को आपसी समन्वय से निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप तैयारियां समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए गए।
इंडिया पोल खोल को आर्थिक सहायता
प्रदान करने हेतु इस QR कोड को किसी भी UPI ऐप्प से स्कैन करें। अथवा "Donate Now" पर टच/क्लिक करें।
Click Here >>
Donate Now
इंडिया पोल खोल के YouTube Channel को Subscribe करने के लिए इस YouTube आइकन पर टच/Click करें।
इंडिया पोल खोल के WhatsApp Channel को फॉलो करने के लिए इस WhatsApp आइकन पर टच/Click करें।















