कलेक्टर ने धान उपार्जन की तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए ये निर्देश

इस ख़बर को शेयर करें

जबलपुर, कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा की अध्यक्षता में आज धान उपार्जन की तैयारियों को लेकर जिला उपार्जन समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि धान खरीदी प्रारंभ होने के पहले अपने-अपने अनुभाग में खरीदी केंद्रों, वेयरहाउस, भंडारण क्षमता, खरीदी एजेंसी और आवश्यक मानव संसाधन की व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिले में लगभग 4 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी के लक्ष्य को देखते हुए सभी व्यवस्थाओं का पहले से आकलन कर ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए।बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक गेहलोत, अपर कलेक्टर नीता राठौर, रविशंकर राय, शैलेन्द्र सिंह एवं अखिलेश सिंह, संयुक्‍त कलेक्‍टर एवं प्रभारी खाद्य आपूर्ति नियंत्रक अभिषेक सिंह सहित सभी एसडीएम एवं संबंधित विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।

खरीदी केंद्रों और वेयरहाउस की क्षमता का करें सत्यापन

बैठक में निर्देश दिए कि सभी एसडीएम प्रस्तावित खरीदी केंद्रों की संख्या एवं स्थान का सत्यापन कर प्रत्येक केंद्र से मैप किए गए वेयरहाउस की कुल और रिक्त भंडारण क्षमता की जानकारी तैयार करें। पिछले वर्ष की खरीदी और इस वर्ष के संभावित उपार्जन का भी आकलन किया जाए। अधिकतम खरीदी केंद्र गोदाम स्तर पर स्थापित करने का प्रयास करें, ताकि परिवहन में अनावश्यक खर्च और देरी न हो। जिन वेयरहाउस में जगह उपलब्ध नहीं है, वहां नागरिक आपूर्ति निगम से समन्वय कर भंडारण क्षमता उपलब्ध कराने की कार्ययोजना बनाएं।

खरीदी केंद्रों की नियमित निगरानी के लिए अधिकारियों की लगाएं ड्यूटी

कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने कहा कि खरीदी केंद्रों की मॉनिटरिंग केवल मैदानी कर्मचारियों के भरोसे न छोड़ें। संबंधित अधिकारी स्वयं केंद्रों की जिम्मेदारी लेकर नियमित निरीक्षण करें। उन्होंने कहा कि अधिक केंद्रों वाले अनुभागों में प्रत्येक अधिकारी को दो से तीन केंद्रों की जिम्मेदारी सौंपी जाए।उन्होंने निर्देश दिए कि प्रतिदिन खरीदी गई धान की मात्रा, पोर्टल पर दर्ज जानकारी और वास्तविक स्टॉक का मिलान किया जाए। साथ ही बैगिंग, भंडारण एवं परिवहन के साथ श्रमिकों और तुलावटियों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने समितियों एवं वेयरहाउस संचालकों की बैठक लेकर संभावित समस्याओं का पहले ही समाधान करने एसडीएम को निर्देश दिए।

अनियमितता करने वाले ऑपरेटरों को दोबारा जिम्मेदारी ना दें

कलेक्टर ने खरीदी संचालन के लिए वैकल्पिक एजेंसी की व्यवस्था करने तथा पूर्व में अनियमितता करने वाले ऑपरेटरों को दोबारा जिम्मेदारी नहीं देने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि खरीदी केंद्रों का चयन किसानों की सुविधा, परिवहन की दूरी और स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखकर किया जाए। इसके लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों, भारतीय किसान संघ एवं अन्य किसान संगठनों से सुझाव भी प्राप्त करें। साथ ही वेयरहाउस में स्टॉक रखने और निकालने के लिए स्लॉट बुकिंग व्यवस्था का परीक्षण करने के निर्देश दिए।बैठक में उन्होंने कहा कि धान खरीदी एजेंसी, कर्मचारियों, वेयरहाउस और अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करना संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है। सभी एसडीएम खरीदी केंद्रवार जानकारी तैयार रखें और खरीदी प्रारंभ होने के पहले सभी तैयारियां पूरी करें।

पराली जलाने की घटनाओं पर करें प्रभावी कार्रवाई

कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने पराली जलाने की घटनाओं की रोकथाम के लिए एसडीएम एवं तहसीलदारों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंचें और नियमानुसार जुर्माना सहित दंडात्मक कार्रवाई करें।

 

इंडिया पोल खोल को आर्थिक सहायता प्रदान करने हेतु इस QR कोड को किसी भी UPI ऐप्प से स्कैन करें। अथवा "Donate Now" पर टच/क्लिक करें। 

Click Here >> Donate Now

इंडिया पोल खोल के YouTube Channel को Subscribe करने के लिए इस YouTube आइकन पर टच/Click करें।

इंडिया पोल खोल के WhatsApp Channel को फॉलो करने के लिए इस WhatsApp आइकन पर टच/Click करें।


इस ख़बर को शेयर करें