तिगवां में विश्व धरोहर सप्ताह का भव्य शुभारंभ, प्राचीन विरासत की गौरवगाथा से रूबरू हुए विद्यार्थी

सुग्रीव यादव स्लीमनाबाद – भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपरा और हजारों वर्षों पुरानी स्थापत्य कला को सहेजने तथा नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने के उद्देश्य से विकासखंड बहोरीबंद के ऐतिहासिक ग्राम तिगवां में विश्व धरोहर सप्ताह का शुभारंभ गरिमामय वातावरण में हुआ। एसडीएम बहोरीबंद श्लोक वाईकर की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में एक्सीलेंस, महावीर सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पेंटिंग के माध्यम से भारतीय संस्कृति और ऐतिहासिक धरोहरों की जीवंत छटा उकेरी।कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ अपनी समृद्ध ऐतिहासिक विरासत का प्रत्यक्ष अनुभव कराना और उसके संरक्षण के प्रति जागरूक बनाना रहा। दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत एसडीएम श्लोक वाईकर एवं अतिथियों द्वारा की गई।
विरासत को जानना ही संरक्षण की दिशा में पहला कदम
एसडीएम श्लोक वाईकर ने कहा कि हमारी प्राचीन धरोहरें केवल पत्थरों पर उकेरी गई आकृतियां अथवा पुरानी इमारतें नहीं हैं, बल्कि वे हमारी सभ्यता, संस्कृति, ज्ञान और गौरवशाली अतीत की जीवंत पहचान हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे किताबें पढ़ें, प्राचीन धरोहरों एवं पुरातात्विक विरासत स्थलों का भ्रमण करें, वहां की कलाकृतियों को निहारें, उनके विषय में जानें, सवाल पूछें और उनकी ऐतिहासिक महत्ता को समझें। विरासत को जानना ही उसके संरक्षण की दिशा में पहला और सबसे महत्वपूर्ण कदम है।
प्राचीन शिल्पकला देखकर अभिभूत हुए अतिथि
कार्यक्रम के पूर्व एसडीएम ने ग्राम तिगवां स्थित प्राचीन शिलालेख, ऐतिहासिक मंदिर तथा अत्यंत प्राचीन वास्तुशिल्प से निर्मित मां काली, भगवान विष्णु, माता पार्वती, भगवान शिव, सूर्यदेव सहित विभिन्न देवी-देवताओं की कलात्मक एवं दुर्लभ मूर्तियों का अवलोकन किया। इन अद्भुत शिल्पाकृतियों में प्रतिबिंबित तत्कालीन स्थापत्य कौशल और मूर्तिकला की बारीकियों को देखकर उन्होंने गहरी रुचि व्यक्त की।
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग, जबलपुर से पधारे अधीक्षण पुरातत्वविद् डॉ. आफताब हुसैन ने शिलालेखों, प्राचीन मूर्तियों, स्थापत्य शैली एवं शिल्पकला की ऐतिहासिक विशेषताओं पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि पुरातात्विक अवशेष अतीत के इतिहास को समझने के महत्वपूर्ण प्रमाण हैं, जिनका संरक्षण हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। पुरातत्व गौरव गाथा को प्रदर्शित करती प्रदर्शनी का भी अतिथियों ने अवलोकन कर सराहना की।
तिगवां और रूपनाथ को यूनेस्को सूची में शामिल कराने की पहल-
यह कटनी जिले के लिए विशेष गौरव का विषय है कि विकासखंड बहोरीबंद के ऐतिहासिक ग्राम तिगवां एवं रूपनाथ को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में सम्मिलित किए जाने हेतु प्रस्तावित किया गया है। मध्यप्रदेश की 22 विरासत संपदाओं को यूनेस्को की विरासत संबंधी सूची से संबद्ध किए जाने का उल्लेख करते हुए इस क्षेत्र की ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्ता को रेखांकित किया गया।उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड की मंशा के अनुरूप जिला प्रशासन एवं जिला पंचायत सीईओ सुश्री हर सिमरनप्रीत कौर के निर्देशानुसार 19 से 25 नवंबर 2026 तक विश्व धरोहर सप्ताह का आयोजन विभिन्न जागरूकता एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से किया जा रहा है। इसी क्रम में तिगवां में आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी ऐतिहासिक विरासत से जोड़ने की सार्थक पहल साबित हुआ।
पेंटिंग में नयन लोधी प्रथम, कृष्णा नामदेव द्वितीय-
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित पेंटिंग गतिविधि में विद्यार्थियों ने उत्साह और रचनात्मकता के साथ भाग लिया। कक्षा 11वीं की छात्रा नयन लोधी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कक्षा 12वीं के छात्र कृष्णा नामदेव द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि कक्षा 11वीं की छात्रा कुमकुम लोधी ने तृतीय और स्वाती लोधी ने चौथा स्थान हासिल किया। विजेता छात्र-छात्राओं को उपहार एवं अन्य को सांत्वना पुरस्कार से नवाजा गया।इस अवसर पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग, जबलपुर से उप अधीक्षण पुरातत्वविद् डॉ. कमलकांत वर्मा, डॉ. राजेश मेहर, डॉ. आर.के. मीणा, पर्यटन प्रभारी कमलेश सैनी, योगेंद्र कुमार असाटी, राजेंद्र सिंह ठाकुर विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
इंडिया पोल खोल को आर्थिक सहायता
प्रदान करने हेतु इस QR कोड को किसी भी UPI ऐप्प से स्कैन करें। अथवा "Donate Now" पर टच/क्लिक करें।
Click Here >>
Donate Now
इंडिया पोल खोल के YouTube Channel को Subscribe करने के लिए इस YouTube आइकन पर टच/Click करें।
इंडिया पोल खोल के WhatsApp Channel को फॉलो करने के लिए इस WhatsApp आइकन पर टच/Click करें।















