त्रिवेणी गौशाला में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गोपाष्टमी पर्व

राजेश मदान बैतूल। गौसंवर्धन, गौसंरक्षण एवं गौसेवा के क्षेत्र में विगत 28 वर्षों से समर्पित त्रिवेणी गौशाला झगड़िया बैतूल में गोपाष्टमी का पावन पर्व मंगलवार को पारंपरिक श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि सेवा भारती के राष्ट्रीय सचिव एवं इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के महासचिव रामेंद्र सिंह ने गौसेवा को समाज और राष्ट्र के सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए कहा कि गौमाता का सामाजिक, वैज्ञानिक एवं आध्यात्मिक दृष्टि से विशेष महत्व है। गौसेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि प्रकृति, कृषि, अर्थव्यवस्था और भारतीय जीवन पद्धति से जुड़ा व्यापक सरोकार है।
रामेंद्र सिंह ने कहा कि भारत उत्सवों और त्योहारों का देश है। उत्सव एवं त्योहार समाज को नई ऊर्जा और दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। गोपाष्टमी का पर्व भी हमें प्रकृति से जुड़ाव और गौमाता के प्रति अपने दायित्वों का स्मरण कराता है। भारतीय सनातन परंपरा में गौमाता का विशेष स्थान रहा है और गौमाता की उपयोगिता को प्रकृति एवं मानव जीवन से जोड़कर देखा गया है। उन्होंने कहा कि भागदौड़ भरे वर्तमान दौर में गौशालाओं के संचालन एवं गौसंरक्षण के लिए समाज को तन, मन और धन से सहयोग करना आवश्यक है। गौमाता श्रेष्ठ गुणों से परिपूर्ण होकर मानव जीवन को समृद्ध बनाती हैं।उन्होंने कहा कि भारत कृषि प्रधान देश रहा है और हमारी अर्थव्यवस्था एवं स्वावलंबन की परंपरा में गाय की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। गौमाता ग्रामीण अर्थव्यवस्था और कृषि व्यवस्था को मजबूती प्रदान करने का आधार हैं। समाज शक्तिशाली होगा, तभी राष्ट्र शक्तिशाली बनेगा। गौशालाओं का संचालन समाज के सामूहिक सहयोग से ही संभव है। उन्होंने त्रिवेणी गौशाला द्वारा पिछले 28 वर्षों से किए जा रहे गौसंरक्षण, गौसंवर्धन एवं गौसेवा के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इस पुनीत कार्य को और अधिक मजबूत बनाने तथा गौशाला को आवश्यक संसाधनों से संपन्न करने के लिए समाज के सभी वर्गों को आगे आकर सहयोग करना चाहिए। गौ-उत्पादों की भी अपनी विशेष उपयोगिता और ताकत है। इनके अधिकाधिक उपयोग एवं प्रोत्साहन से गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा सकते हैं।
*गौपूजन एवं आरती के साथ समारोह का शुभारंभ*
त्रिवेणी गौशाला झगड़िया में आयोजित गोपाष्टमी समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि सेवा भारती के राष्ट्रीय सचिव रामेंद्र सिंह, भारत भारती शिक्षा समिति के सचिव मुकेश खंडेलवाल, मध्यप्रदेश अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य मंगल सिंह धुर्वे, जिला पंचायत उपाध्यक्ष हंसराज धुर्वे, त्रिवेणी गौशाला संरक्षक नवीन तातेड, अध्यक्ष राजेश मेहता, गुलशन कपूर एवं भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष जितेंद्र कपूर सहित अन्य अतिथियों ने विधि-विधान से गौपूजन एवं आरती कर किया। इसके पश्चात अतिथियों ने गौसेवा के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
*28 वर्षों से गौसंरक्षण और संवर्धन के साथ आत्मनिर्भरता की पहल*
त्रिवेणी गौशाला झगड़िया पिछले 28 वर्षों से गौमाता के संरक्षण, संवर्धन और सेवा के कार्यों में निरंतर सक्रिय है। गौसेवा के साथ ही गौशाला में गौ-आधारित उत्पादों के निर्माण एवं उनके प्रचार-प्रसार के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। गोपाष्टमी पर्व पर गौशाला परिसर में विभिन्न गौ-उत्पादों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें त्रिवेणी गोमूत्र, मालिश तेल, नेत्रांजन, धूपबत्ती, वर्मी कम्पोस्ट, हवन कंडे, गौकाष्ठ सहित अन्य गौ-आधारित उत्पाद प्रदर्शित किए गए। गौभक्तों एवं आगंतुकों ने इन उत्पादों की जानकारी प्राप्त की और उनके प्रति रुचि दिखाई।
*गौसेवकों और भूसा दानदाताओं का किया सम्मान*
गौसेवा के प्रति समर्पण और सहयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कार्यक्रम में अतिथियों ने त्रिवेणी गौशाला में सेवा कार्य करने वाले गौसेवकों को सम्मानित किया तथा प्रोत्साहन स्वरूप एक माह का अतिरिक्त वेतन बोनस स्वरूप प्रदान किया। वहीं, गौशाला के लिए भूसा दान करने वाले दानदाताओं का भी सम्मान कर उनके योगदान की सराहना की गई। अतिथियों ने कहा कि गौसेवा के इस पुनीत कार्य में गौसेवकों के साथ दानदाताओं और समाज के प्रत्येक वर्ग का योगदान महत्वपूर्ण है।
*पंजाबी समाज की महिलाओं ने भजन-कीर्तन से बांधा समां*
गोपाष्टमी पर्व पर जिलेभर से बड़ी संख्या में गौभक्त एवं धर्मप्रेमी नागरिक त्रिवेणी गौशाला पहुंचे। पंजाबी समाज बैतूल की महिलाओं ने भजन-कीर्तन की सुंदर प्रस्तुतियां दीं। वहीं पंजाबी समाज बैतूल के सहयोग से सभी उपस्थितजनों के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई। गौपूजन, आरती, भजन-कीर्तन एवं सामूहिक प्रसादी के साथ पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।कार्यक्रम का संचालन त्रिवेणी गौशाला के सचिव मनीष सिंह ठाकुर ने किया। गौशाला संचालन समिति का प्रतिवेदन समिति के संचालक एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट अनिल बांगड़ ने प्रस्तुत किया। अंत में उपाध्यक्ष पंजाबराव मगरदे ने आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम को सफल बनाने में गौशाला संरक्षक नवीन तातेड, अध्यक्ष राजेश मेहता, उपाध्यक्ष पंजाबराव मगरदे, सचिव मनीष सिंह ठाकुर, कोषाध्यक्ष रामराव मगरदे, संचालक दीपक कपूर, अनिल बांगड़, जगदीश अग्रवाल, मनीष वाजपेयी, विमल दुबे, विवेक सिंह भदौरिया, हंसराज धुर्वे, होरीलाल ठोटे, श्री रामभरोस यादव, तनुज शाह, निर्मल पोपली, कमलेश अमरुते, प्रबंधक अनिल पवार सहित समस्त दानदाताओं एवं गौसेवकों का विशेष योगदान रहा।
इंडिया पोल खोल को आर्थिक सहायता
प्रदान करने हेतु इस QR कोड को किसी भी UPI ऐप्प से स्कैन करें। अथवा "Donate Now" पर टच/क्लिक करें।
Click Here >>
Donate Now
इंडिया पोल खोल के YouTube Channel को Subscribe करने के लिए इस YouTube आइकन पर टच/Click करें।
इंडिया पोल खोल के WhatsApp Channel को फॉलो करने के लिए इस WhatsApp आइकन पर टच/Click करें।















