सिहोरा में नगर पालिका सफाई कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त
जबलपुर/सिहोरा :, नगर पालिका के सफाई कर्मचारियाें की विगत पांच दिनों से जारी हड़ताल कांग्रेस पार्षद दल कर्मचारी संगठन के पदाधिकारी एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी की संयुक्त बैठक में लिए गए निर्णय के बाद सफाई कर्मचारी संघ ने हड़ताल समाप्ति की घोषणा कर दी है।प्रतिमाह समय से वेतन भुगतान एवं सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति सहित अन्य मांगों को लेकर बीते पांच दिन से चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल मंगलवार को संयुक्त वार्ता के उपरांत समाप्त हो गई। सफाई कर्मचारी यूनियन ने बुधवार से पूर्ववत नगर की सफाई का काम शुरू करने का भरोसा दिलाया है। सफाई कर्मियों के आश्वासन के बाद नगर पालिका प्रशासन और पार्षदों ने राहत की सांस ली। विदित हो नगर पालिका प्रशासन द्वारा वेतन संबंधी एवं प्रशासनिक स्तर की मांगों का निराकरण हड़ताल के पहले दिन ही करते हुए सफाई कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष राजा नाहर,नीरज बालमीक को लिखित रूप से अवगत करा दिया था सफाई कर्मचारीयों की नियुक्ति के मामले में 15 दिन के अंदर प्रेसिडेंट इन काउंसिल की बैठक में रखने का लिखित आश्वासन देने के बाद भी कर्मचारी संगठन हड़ताल वापस लेने तैयार नहीं हो रहा था जिसके चलते नगर की स्वच्छता व्यवस्था पूरी तरह ठप्प पड़ गई थी। जगह-जगह लगे कचरे की ढेरो से उठती दुर्गंध के कारण आम जन को हो रही परेशानी के मद्देनजर कांग्रेस पार्षद दल के राजेश चौबे,आलोक पांडे,रमेश पटेल,गणेश दहिया,ममता गोटिया के अलावा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बिहारी पटेल,वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अमोल चौरसिया,पूर्व ब्लाक अध्यक्ष बाबा कुरैशी सहित अन्य कांग्रेस जनों ने सफाई कर्मचारी संगठन एवं नगर पालिक प्रशासन की संयुक्त बैठक करके विगत 5 दिनों से जारी हड़ताल को समाप्त करा दिया है
*यह मांगें मानी गईं*
मुख्य नगर पालिका अधिकारी जयश्री चौहान से प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर पालिका प्रशासन ने सफाई कर्मचारियों की जिन मांगों को माना है, उनमें आगामी माह से दैनिक श्रमिकों का मानदेय 10 तारीख तक एवं शेष अन्य का वेतन भुगतान चुंगी क्षतिपूर्ति प्राप्त होते ही कर दिया जावेगा। सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति के संबंध में विषय आगामी 15 दिवस में पी.आई.सी. में प्रस्तुत किया जावेगा।निकाय निधि मद में राशि की उपलब्धता अनुसार एरियर्स दिया जा सकेगा। इसके अलावा अन्य शासन स्तर की मांगों के निराकरण हेतु विषय पी.आई.सी.में प्रस्तुत किया जावेगा।