शनिवार को भी खुले रहेंगे सभी डबल लॉक केंद्र.शहपुरा डबल लॉक केंद्र का कृषि अधिकारियों ने निरीक्षण.उर्वरक विक्रेता को नोटिस.
जबलपुर, जिले में इंडोरामा एवं कृभको कंपनी की रैक लगने के बाद जिले के सभी डबल लॉक केंद्रों में डीएपी उर्वरक का भंडारण हो चुका है। डीएपी वितरण व्यवस्था का जायजा लेने आज कृषि अधिकारियों ने शहपुरा स्थित डबल लॉक केंद्र का निरीक्षण किया। उप संचालक कृषि डॉ एस के निगम के नेतृत्व में किये गये निरीक्षण में सहायक संचालक कृषि रवि आस्रवंशी, अनुविभागीय कृषि अधिकारी पाटन डॉ इंदिरा त्रिपाठी शामिल थे।उप संचालक कृषि डॉ निगम के अनुसार निरीक्षण में पाया गया कि अनुविभागीय राजस्व अधिकारी शहपुरा के निर्देशों के अनुरूप डबल लॉक केंद्र पर कृषकों को टोकन जारी करके डीएपी उर्वरक उपलब्ध कराया जा रहा है। तहसीलदार शहपुरा रविन्द्र पटेल, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी शहपुरा सुश्री मेघा अग्रवाल, कृषि विस्तार अधिकारी के के डेहरिया एवं गौतम यादव की उपस्थिति में सुचारू रूप से डीएपी का वितरण किया जा रहा था।
उप संचालक कृषि ने बताया कि निरीक्षण के दौरान किसानों द्वारा बेलखेड़ी में एक निजी विक्रय केंद्र पर अधिक दर पर डीएपी बेचे जाने की शिकायत की गई। किसानों की इस शिकायत पर विभागीय अधिकारियों द्वारा तत्काल चौकसे फर्टिलाइजर्स बेलखेड़ी का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान इस उर्वरक विक्रय केंद्र पर कुभको कंपनी के डीएपी 440 बैग पाये गये। जानकारी प्राप्त किये जाने पर ज्ञात हुआ कि चौकसे फर्टिलाइजर्स को 570 बैग डीएपी मिला था जो अभी पीओएस मशीन पर प्राप्त नहीं हुआ है। इसके बावजूद 130 बैग डीएपी का विक्रय कर दिया गया।उप संचालक कृषि के अनुसार बिना पीओएस के डीएपी विक्रय किये जाने पर चौकसे फर्टिलाइजर्स को नोटिस जारी किया गया है। इस विक्रय केंद्र से डीएपी एवं एसएसपी के नमूने लेकर परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भी भेजे गये हैं। साथ ही केंद्र पर उपलब्ध बीज, उर्वरक एवं कीटनाशक औषधियों के प्रिंसिपल सर्टिफिकेट का निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण में पाया गया कि इस विक्रय केंद्र के उर्वरक “ओ” फार्म की वैधता समाप्त हो चुकी थी। लेकिन विक्रेता द्वारा बिना इसका नवीनीकरण कराये डीएपी उर्वरक का विक्रय किया जा रहा था। इस कृत्य पर चौकसे फर्टिलाइजर्स को नोटिस जारी कर उर्वरक के विक्रय को तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित कर दिया गया है।उप संचालक कृषि डॉ एस के निगम ने किसानों से अपील की है कि कृषि आदान सामग्री की कालाबाजारी, अधिक दर पर विक्रय, बिना पीओएस मशीन अथवा पक्के बिल के उर्वरक के विक्रय की जानकारी मिलने पर इसकी सूचना तत्काल कृषि अधिकारियों को दें, ताकि तत्काल कार्यवाही की जा सके। उप संचालक कृषि ने बताया कि किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शनिवार को भी सभी डबल लॉक केंद्र खुले रखने के निर्देश जारी किये जा चुके हैं। साथ ही प्रत्येक डबल लॉक केंद्र में पीओएस मशीन बढ़ाने के निर्देश दिये गये हैं।
शनिवार को भी खुले रहेंगे गोदाम
खरीफ फसल की बोनी के लिये किसानों को उनकी मांग के अनुरूप और समय पर उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित करने के कलेक्टर दीपक सक्सेना के निर्देशानुसार शनिवार को 21 जून को भी जिले में स्थित सभी उर्वरक गोदाम खुले रहेंगे।
उप संचालक कृषि डॉ एस के निगम ने यह जानकारी देते हुये बताया कि जिले के सभी गोदाम प्रभारी ऑपरेटर को इस बारे में निर्देश जारी कर दिये गये हैं। गोदाम प्रभारियों से कहा गया है कि शेष कार्यदिवसों की तरह शनिवार 21 जून को भी केन्द्र से किसानों को पीओएस के माध्यम से उर्वरक उपलब्ध कराया जाये। डॉ निगम ने शनिवार को भी किसानों को उर्वरक की उपलब्ध कराने के कार्य में किसी भी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न न हो यह सुनिश्चित करने की हिदायत भी दी है।