जबलपुर में अंतर्राष्ट्रीय ग्रामीण महिला दिवस पर अभिनव महिला पंचायत नेतृत्व कॉन्क्लेव–2026 संपन्न

इस ख़बर को शेयर करें

जबलपुर में अंतर्राष्ट्रीय ग्रामीण महिला दिवस पर अभिनव महिला पंचायत नेतृत्व कॉन्क्लेव–2026 संपन्न

जल प्रबंधन और प्रभावी ग्रामीण सुशासन पर हुआ वृहद मंथन
जबलपुर, 15 अक्‍टूबर, 2026
अंतर्राष्ट्रीय ग्रामीण महिला दिवस के अवसर पर जिला पंचायत जबलपुर द्वारा होटल रॉयल आर्बिट में “नारी नेतृत्व, सशक्त पंचायत” थीम पर एक दिवसीय जिला स्तरीय महिला पंचायत नेतृत्व कॉन्क्लेव–2026 का आयोजन सफलता पूर्वक संपन्न हुआ। प्रदेश एवं देश के पंचायती राज ढाँचे में अपनी तरह की इस अनूठी पहल में जबलपुर जिले की लगभग 380 महिला पंचायती राज जनप्रतिनिधियों ने सक्रिय रूप से सहभागिता दर्ज कराई, जिनमें महिला सरपंचों के साथ-साथ जनपद एवं जिला पंचायत के अध्यक्ष व सदस्यगण सम्मिलित रहे।
कार्यक्रम का गरिमामय शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद श्रीमती सुमित्रा वाल्मीकि तथा जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आशा मुकेश गोटिया द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। तत्पश्चात विभिन्न जनपदों से आयी महिला जनप्रतिनिधियों का जनपदवार सुव्यवस्थित पंजीयन कर उन्हें कपड़े के थैले, लेखन सामग्री एवं बैज प्रदान कर सम्मानित किया गया।
स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आशा मुकेश गोटिया ने स्पष्ट किया कि यह आयोजन न केवल महिला प्रतिनिधियों के सम्मान का प्रतीक है, बल्कि यह त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था के मध्य बेहतर अंतर्विभागीय एवं अंतर-स्तरीय समन्वय स्थापित करने, स्थानीय विकास की प्राथमिकताओं को तय करने तथा जमीनी समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु एक सशक्त मंच प्रदान करता है।
कॉन्क्लेव के मुख्य सत्र के अंतर्गत ‘प्रदान’ संस्था के तकनीकी सहयोग से ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की स्थिति, आपूर्ति प्रबंधन एवं चुनौतियों पर केंद्रित एक प्रभावी पैनल चर्चा का आयोजन किया गया। इस सत्र में जनपद पंचायत पाटन के ग्राम उड़ना सड़क की सरपंच रश्मि बादल, जनपद सदस्य आरती पटेल व मंजू गर्ग, मझौली के ग्राम दोनी की सरपंच आकृति चंसौरिया, जबलपुर के ग्राम आमाहिनौता की सरपंच कंचन पटेल तथा पाटन के ग्राम बरोदा छेड़ी की सरपंच छाया तिवारी ने भाग लिया। महिला जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में हर घर नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने, स्थानीय जल संसाधनों के रखरखाव तथा जलापूर्ति प्रबंधन के सफल प्रयोगों को साझा किया। चर्चा में यह निष्कर्ष निकलकर आया कि पेयजल जैसी मूलभूत आवश्यकताओं के कुशल प्रबंधन के लिए ग्राम, जनपद एवं जिला पंचायत के स्तर पर प्रशासनिक व विभागीय समन्वय अत्यंत अनिवार्य है।
कार्यक्रम की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से प्रत्येक तकनीकी सत्र के पश्चात ग्रामीण विकास विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें महिला प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए सटीक उत्तर प्रस्तुत किए, जिस पर उन्हें स्मृति चिह्न प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। इसके अतिरिक्त श्रीमती आराधना तिवारी के मार्गदर्शन में नेतृत्व क्षमता, त्वरित निर्णय कौशल एवं सामूहिक कार्यप्रणाली को सुदृढ़ करने हेतु खेल आधारित गतिविधि भी आयोजित की गई।
अपने मुख्य आतिथ्य संबोधन में राज्यसभा सांसद श्रीमती सुमित्रा वाल्मीकि ने इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से महिला जनप्रतिनिधियों के आत्मविश्वास में वृद्धि होती है और वे परस्पर अनुभवों से सीखकर अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक दक्षता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित होती हैं। उन्होंने ग्रामीण विकास में महिलाओं की निर्णायक भूमिका को रेखांकित करते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत जबलपुर एवं संपूर्ण प्रशासनिक टीम को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
कार्यक्रम के समापन चरण में जिला पंचायत अध्यक्ष द्वारा मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद को स्मृति चिह्न भेंट किया गया, जिसके उपरांत मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत द्वारा जिला पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्यों एवं जनपद पंचायत अध्यक्षों को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में श्रीमती आशा देवी पटेल द्वारा व्यक्त किए गए औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन के साथ कॉन्क्लेव का समापन हुआ। यह आयोजन महिला नेतृत्व के माध्यम से सशक्त पंचायत, सुदृढ़ सुशासन एवं समृद्ध गांव की संकल्पना को साकार करने की दिशा में एक मील का पत्थर सिद्ध हुआ।

 

इंडिया पोल खोल को आर्थिक सहायता प्रदान करने हेतु इस QR कोड को किसी भी UPI ऐप्प से स्कैन करें। अथवा "Donate Now" पर टच/क्लिक करें। 

Click Here >> Donate Now

इंडिया पोल खोल के YouTube Channel को Subscribe करने के लिए इस YouTube आइकन पर टच/Click करें।

इंडिया पोल खोल के WhatsApp Channel को फॉलो करने के लिए इस WhatsApp आइकन पर टच/Click करें।


इस ख़बर को शेयर करें