मेरी मर्जी:छात्रवासीय बच्चियों के कौशल प्रदर्शन के नाम पर व्यावसायिक प्रदर्शन,व्यवसाई युवती को छात्रवासी बताकर दिया प्रथम पुरस्कार



सुग्रीव यादव स्लीमनाबाद: जिला शिक्षा केंद्र कटनी के कारनामे हमेशा चौंकाने वाले रहते हैं। जिला शिक्षा केंद्र जिले भर में जो छात्रावास संचालित करता है वहां पर आए दिन नए-नए किस्से सामने आते हैं। गत दिवस भी एक ऐसा ही हैरान कर देने वाला किस्सा सामने आया। दरअसल जिला शिक्षा केंद्र कटनी के द्वारा संचालित जिले भर के छात्रावासों में रह रही छात्रवासी बच्चियों के विशेष कौशल को सम्मानित करते हुए उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए गत दिवस अंतर छात्रवासीय सांस्कृतिक एवं व्यावसायिक कौशल प्रतियोगिता का आयोजन नगर निगम कटनी ऑडिटोरियम में किया गया। प्रतियोगिता जब खत्म हुई तो पहाड़ी छात्रावास के नाम पर प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाली एक युवती को प्रथम पुरस्कार दिया गया। प्रतियोगिता समाप्त होने के कुछ देर बाद ही प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा वहां मौजूद सभी को अपने प्रतिष्ठान का कार्ड बांटने लगी। कार्ड देखकर सब हैरान थे। आखिर एक व्यवसाई को छात्रा बताकर शामिल कराया कैसे गया, क्या यह अन्य छात्रावासों से आई छात्राओं के साथ छलावा नहीं, वह भी तब जब मुड़वारा विधायक संदीप जयसवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, जिला पंचायत सीईओ हरमनप्रीत कौर सहित जिले के अन्य अधिकारी एवं गणमान्यजन सहित सभी छात्रावासों से आए बच्चे और कर्मचारी मौजूद हो। इस कृत्य ने जिला शिक्षा केंद्र की मंशा और व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह था घटनाक्रम
गत 31 जनवरी 2026 को नगर निगम कटनी ऑडिटोरियम में जिला शिक्षा केंद्र कटनी के द्वारा जिला स्तरीय अंतर छात्रवासीय सांस्कृतिक एवं व्यावसायिक कौशल प्रतियोगिता तथा निपुण शिक्षकों का सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्रावास की बच्चियों को खुद के द्वारा तैयार किए गए व्यंजन प्रस्तुत करने थे। यहां पर विभिन्न छात्रावासों से आई बच्चियों के व्यंजनों को चेक कर उन्हें पुरस्कृत करने के लिए दो जज भी नियुक्त थे। प्रतियोगिता में कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास पहाड़ी से आई युवती अमीषा जैन को प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया।
चलाती है नाश्ते की दुकान
जिस अमीषा जैन को कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास पहाड़ी का नेतृत्व करते हुए प्रथम पुरस्कार से नवाजा गया दरअसल वह जैन स्वादिष्ट नाश्ता नामक कोई व्यवसाय संचालित करती है। प्रतियोगिता समापन के बाद उक्त युवती ने खुद अपने प्रतिष्ठान के कार्ड वहां पर मौजूद जजों एवं अन्य लोगों को वितरित किए।
बच्चियों के साथ छलावा
जिला शिक्षा केंद्र के जिम्मेदार अधिकारियों एवं कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास पहाड़ी वार्डन की मिली भगत ने अन्य छात्रावासों से अपने कौशल का प्रदर्शन करने आई छात्राओं के साथ खुलेआम छलावा किया। विधायक, भाजपा जिला अध्यक्ष, जिला पंचायत सीईओ की मौजूदगी में छात्राओं के साथ इस तरह छल हुआ और किसी ने कुछ नहीं कहा। बात जब सामने आ गई तो अधिकारी प्रथम पुरस्कार पाने वाली युवती को पहाड़ी छात्रावास की ट्रेनर बताकर बचने का प्रयास करने लगे।
इनका कहना है-
जब हमने इस संबंध में डीपीसी प्रेम नारायण तिवारी से फोन पर बात की तो उन्होंने मामले से पल्ला झाड़ते हुए कहा की मुझे इस मामले में विशेष जानकारी नहीं है। कुछ देर बाद दोबारा फोन कर कर उन्होंने कहा कि जिस अमीषा जैन की आप बात कर रहे हैं वह छात्रावास पहाड़ी की ट्रेनर है। पुरस्कार पहाड़ी छात्रावास को दिया गया है। अगर इस तरह की कोई गड़बड़ी हुई है तो कार्यवाही की जाएगी।
वहीं इस संबंध में जब हमने एपीसी प्रतिभा गर्ग से बात की तो पहले तो वे अमीषा जैन नाम की किसी भी लड़की के प्रथम स्थान प्राप्त करने से इंकार करती रही, लेकिन बाद में उन्होंने यह कहा कि मुझे बहुत ज्यादा जानकारी नहीं है, पता करके मैं आपको अवगत कराती हूं।






































































